पटनाः राजधानी पटना के फतुहा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस कार्रवाई में छपरा के एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके से भारी मात्रा में गोलियां और एक कट्टा भी बरामद किया गया है।
नाकेबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार पुलिस को इनपुट मिला था कि एक अंतरजिला गैंग इलाके में एक्टिव है और अवैध हथियारों व गोलियों की सप्लाई कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम फतुहा इलाके में जांच और सत्यापन के लिए पहुंची थी। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी भी की थी।इसी दौरान कुछ अपराधी वहां मौजूद मिले।
पुलिस को देख भागने लगे अपराधी
पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने गोली चलाने की कोशिश की। इसके बाद एक SHO ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लग गई।घायल अपराधी सुंदरम उर्फ भोला को पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मटन के स्वाद पर होटल मालिक और डॉक्टर के बीच मारपीट, दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराया केस
गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से कुछ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें छपरा का एक इनामी अपराधी भी शामिल है। पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर रही है, ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सके।
हथियार और गोलियां बरामद
पुलिस ने मौके से 1200 से अधिक गोलियां और एक देसी कट्टा बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग अलग-अलग जिलों में हथियार और गोलियों की सप्लाई करता था।
एसएसपी ने दी जानकारी
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि यह एक अंतरजिला गैंग है, जो गोलियों की सप्लाई करता था।पुलिस टीम जांच के लिए वहां पहुंची थी। पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग करने का प्रयास किया।उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




































































































