लोहरदगा : शहरी क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी परिसर में सांसद निधि से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास रविवार को लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने विधिवत नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर दुर्गाबाड़ी समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उन्हें दुर्गाबाड़ी में कई बार आने का अवसर मिला है।

बुधू वीर लुरकुडिया आवासीय विद्यालय को मिली स्वास्थ्य सुविधा,सांसद सुखदेव भगत ने दिया आधुनिक एंबुलेंस
उन्होंने महसूस किया कि यहां स्थायी शेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण पूजा-पाठ एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान भक्तजनों व श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सांसद निधि से शेड निर्माण कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके और आयोजनों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। सांसद ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना उनका दायित्व है। अपने संसदीय क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। दुर्गाबाड़ी समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शेड निर्माण के लिए सांसद के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि सांसद सभी वर्गों का समान रूप से ख्याल रखते हैं और एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के रूप में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करते और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। मौके पर विजय गोपाल दत्ता, कुमेद रंजन दत्ता, रथींद्रनाथ राय, वासुदेव दत्ता, मलय दत्ता, सुदेप दत्ता, तन्मय दत्ता, देवेंद्रनाथ भादुड़ी, सुमित डे, राज डे, रितेश दत्ता, सुबोध मल्लिक, अजीत डे, निमाय चंद्र दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य लोग उपस्थित थे।







































































































