चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल से सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और कोबरा 209 बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में छत्तीसगढ़ और झारखंड के दो कुख्यात माओवादी पकड़े गए। दोनों नक्सली संगठन के सक्रिय सदस्य थे और 40 से अधिक घटनाओं में वांछित बताए जाते हैं। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गोरनाम निवासी संदीप उर्फ हिडिमा पाडेयाम (सब जोनल कमेटी सदस्य) और सरायकेला जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के जोजोडीह निवासी शिवा बोदरा उर्फ शिबु (एरिया कमेटी सदस्य) के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवा बोदरा की संलिप्तता ओडिशा के राउरकेला जिला अंतर्गत केबालांग थाना क्षेत्र के ग्राम बांको में हुए विस्फोटक लूटकांड में भी सामने आई है। पूछताछ में उसने इस घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
झारखंड शिक्षक भर्ती के संशोधित रिजल्ट में 1454 अभ्यर्थी ही सफल, पिछले बार से 207 हो गए कम
भारी मात्रा में हथियार और आईईडी बरामद
गिरफ्तारी के दौरान सुरक्षाबलों ने इनके पास से एक पिस्टल, 11 कारतूस, दो मैगजीन, दो वॉकी-टॉकी, कई डेटोनेटर और आईईडी बनाने का सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, यह सामग्री किसी बड़े हमले की तैयारी में इस्तेमाल की जा सकती थी।
बरामद सामग्री एक नजर में :
पिस्टल – 01
कारतूस – 11
मैगजीन – 02
वॉकी-टॉकी – 02
डेटोनेटर – कई
आईईडी बनाने से संबंधित सामग्री
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ सारंडा इलाके में सक्रिय हैं। बताया गया था कि ये लोग सुरक्षाबलों पर हमले की योजना बना रहे थे और नई भर्ती करने की कोशिश में थे। सूचना की पुष्टि के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) पारस राणा के नेतृत्व में विशेष अभियान दल का गठन किया गया। झारखंड पुलिस और कोबरा 209 की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दोनों माओवादियों को दबोच लिया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पकड़े गए नक्सलियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि संगठन का केंद्रीय कमेटी सदस्य अनल उर्फ रमेश महिला दस्ता सदस्यों का शारीरिक शोषण करता है। इतना ही नहीं, कई मामलों में अवैध गर्भपात भी करवाए गए हैं। पुलिस इन गंभीर खुलासों की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का दावा- अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारियों से संगठन को बड़ा झटका लगा है। आने वाले दिनों में इस तरह की सघन कार्रवाई और तेज की जाएगी। सुरक्षाबलों की नजर संगठन की हर गतिविधि पर है ताकि आमजन को माओवादियों की हिंसक साजिशों से बचाया जा सके






