लोहरदगा:शहरी क्षेत्र में इन दिनों जल संकट की समस्या गंभीर होती जा रही है। शहर की लाखों आबादी आज भी वर्षों पुरानी जलापूर्ति व्यवस्था पर निर्भर है, जिसके कारण गर्मी बढ़ते ही पानी की किल्लत सामने आने लगी है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल उरांव ने स्वयं कोयल नदी और शंख नदी स्थित इंटक वेल (Intake Well) और सप्लाई लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल आपूर्ति तंत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत होकर संबंधित संवेदक (ठेकेदार) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि शहरी जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने पाइपलाइन की मरम्मत, लीकेज की तत्काल पहचान एवं समाधान, तथा इंटक वेल की सफाई और तकनीकी दुरुस्ती के लिए तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कोयल और शंख नदी के जल का समुचित प्रबंधन किया जाए तो यह कम से कम एक माह तक शहर की जलापूर्ति आवश्यकता को पूरा कर सकता है। इसके लिए नियमित निगरानी, मोटर और पंप की कार्यशीलता सुनिश्चित करना तथा वितरण प्रणाली को दुरुस्त रखना जरूरी है।नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि शहरवासियों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल संकट से निपटने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।




