लातेहारः जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी रेलवे स्टेशन से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित टोरी रेलवे पब्लिक साइडिंग में बीती रात अपराधियों ने लगभग चार राउंड फायरिंग की। इस घटना में साइडिंग में काम कर रहे मजदूर गोपाल प्रसाद गोली लगने से घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
हजारीबाग खासमहल जमीन घोटाला में कार्रवाई, ACB ने विजय सिंह को किया गिरफ्तार
मजदूर की जान अब खतरे से बाहर
दरअसल, रविवार की रात लगभग 12:00 बजे रेलवे साइडिंग पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और मजदूरों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोली चलने से लोग डर गए और इधर-उधर भागने लगे। इसमें एक मजदूर गोपाल प्रसाद के पैर के ऊपर गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लगभग चार राउंड फायरिंग करने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए।
अपराधियों के भागने के बाद घायल मजदूर को तत्काल चंदवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि मजदूर के हिप में गोली लगकर आर-पार हो गई। गोली बाहर निकल जाने के कारण मजदूर की जान अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रांची के डोरंडा में सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग का वीडियो वायरल, कोयलांचल शांति सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ली जिम्मेदारी
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस की टीम
टोरी साइडिंग पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस टीम की ड्यूटी 24 घंटे लगाई गई है। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं घटना की जानकारी पुलिस के बड़े अधिकारियों को भी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। हालांकि घटना को अपराधी संगठन के द्वारा अंजाम दिया गया है, यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
रांची जा रही बस कोडरमा घाटी में दुर्घटनाग्रस्त, दर्जन भर यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर
रंगदारी के लिए दहशत फैलाने के इरादे से अपराधियों ने की फायरिंग
बताया जाता है कि अपराधियों ने कोयला साइडिंग से रंगदारी वसूलने के इरादे से ही इस प्रकार की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया है। इससे पूर्व भी अलग-अलग अपराधी संगठनों द्वारा इसी प्रकार दहशत फैलाने का प्रयास किया जाता रहा है। हालांकि पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधियों की मंशा सफल नहीं हो पाती है।



