रांची। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन पर्व के तहत प्रदेश में मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया को तेज करते हुए दो दिनों के भीतर 519 मंडलों में से 279 मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने शुक्रवार को इसकी अधिकृत सूची जारी की।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि पार्टी के संविधान के अनुरूप सभी जिलों में जिला चुनाव अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन और सूची जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि महज दो दिनों में 279 मंडल अध्यक्षों की घोषणा भाजपा की संगठनात्मक दक्षता, शुचिता और पारदर्शिता को दर्शाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 16 दिसंबर तक शेष मंडलों में भी मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया विधिवत रूप से पूरी कर ली जाएगी।
प्रदेश चुनाव अधिकारी ने सोशल मीडिया पर चल रही मंडल अध्यक्षों की कथित सूचियों को फर्जी और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी तत्व ऐसी सूचियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे केवल पार्टी द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
डॉ. वर्मा ने बताया कि रांची महानगर, रांची ग्रामीण, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, चतरा, हजारीबाग, दुमका, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद ग्रामीण, जामताड़ा, देवघर, पाकुड़, साहेबगंज और कोडरमा जिलों के घोषित मंडल अध्यक्षों की अधिकृत सूची जारी कर दी गई है।





