लोहरदगा : भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट, लोहरदगा की ओर से शनिवार को समाहरणालय मैदान में सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी जोड़े भी शादी के बंधन मे बंध गए। सर्व धर्म सामूहिक शादी समारोह मे जिले के 116 जोड़ियों का सामाजिक रूप से विवाह संपन्न कराया गया, जिससे उन्हें पारिवारिक, सामाजिक और धार्मिक मान्यता मिल सके।

ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि समारोह में 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी जोड़े को शामिल नहीं किया गया। कई ऐसे जोड़े भी इस विवाह में शामिल थे, जिनके बच्चे पहले से हैं। सामाजिक विवाह के बाद अब उनके बच्चों को भी समाज में मान्यता मिलेगी तथा माता-पिता को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकार प्राप्त होंगे। सभी विवाह संपन्न कराने के बाद ट्रस्ट की ओर से जोड़ियों को प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) भी प्रदान किया गया।

गुमला में दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, बाइक और बोलेरो की टक्कर के बाद लग गई आग
आयोजकों ने बताया कि जनजातीय समाज में लिव-इन संबंधों को लेकर सामाजिक मान्यताएं नहीं होने के कारण कई बार गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। लिव-इन संबंध में रहते हुए यदि किसी की मृत्यु हो जाती है, तो उन्हें मसना (अंतिम संस्कार स्थल) में भी स्थान नहीं मिलता और बच्चों को सामाजिक मान्यता से वंचित होना पड़ता है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यह पहल की।

इस सामूहिक विवाह समारोह में पेशरार प्रखंड के अलावा किस्को, सेन्हा और लोहरदगा प्रखंड के जोड़े शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मांडर की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजुर, अभय महतो प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा महासभा, डॉ टी साहू, प्रकाश महतो, आलोक साहू सहित उपस्थित रहीं। अतिथियों ने इस आयोजन को समाज सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।






