लोहरदगा : रांची-लोहरदगा-गुमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर लोहरदगा शहर के मिशन चौक की पहचान अब जल्द ही एक नए धार्मिक स्थल से जुड़ने वाली है। यहां प्रस्तावित श्रीराम दरबार मंदिर के निर्माण की आधारशिला तैयार हो गई है। मंगलवार को श्रीराम दरबार मंदिर न्यास की ओर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद मंदिर की नींव की ढलाई का कार्य पूरा कराया गया। नींव निर्माण के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को लेकर न्यास समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। मंदिर का नींव पूजन कार्यक्रम पुरोहित गोपाल शरण मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मुख्य यजमान के रूप में डा. शैलेश कुमार ने पूजा में सहभागिता की। इस दौरान भगवान श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए मंदिर निर्माण निर्विघ्न पूरा होने की कामना की गई। अनुष्ठान पूरा होने के बाद नींव ढलाई का कार्य कराया गया। मौके पर डा. शैलेश कुमार, पुरोहित गोपाल शरण मिश्र, पंकज जायसवाल, विनय अग्रवाल, मनोज जायसवाल, दीपक जायसवाल, पंकज महतो, रोहित कुमार गुप्ता, मुकेश दूबे, राकेश कुमार सिन्हा, सुनील अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, राकेश सिंघल, आलोक अग्रवाल, राम कुमार, संजय अग्रवाल, अरविंद जायसवाल, विनय कुमार और आनंद अग्रवाल समेत न्यास समिति के सदस्य मौजूद रहे।



मंदिर निर्माण में हर किसी की भागीदारी जरूरी : पंकज जायसवाल
श्रीराम दरबार मंदिर न्यास के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने मंदिर निर्माण के लिए समाज और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल का निर्माण किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक आस्था और सहभागिता से पूरा होने वाला कार्य है। राज्यभर के श्रद्धालुओं और आम लोगों से उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नींव ढलाई के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। अब मंदिर निर्माण को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी है। सामूहिक सहयोग से निर्माण कार्य को निर्धारित योजना के अनुरूप गति दी जाएगी।

नींव के साथ मंदिर निर्माण का सपना धरातल पर : विनय अग्रवाल
न्यास के सचिव विनय अग्रवाल ने कहा कि मंदिर निर्माण की प्रक्रिया का यह चरण समिति के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्रीराम दरबार मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं होगा, बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का केंद्र भी बनेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण को गति देने के लिए न्यास के सभी सदस्यों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नियमित रूप से सहयोग करना होगा। उन्होंने न्यास समिति के सदस्यों से निर्माण कार्य के दौरान समय पर उपस्थित रहने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उनका कहना था कि सभी के सामूहिक प्रयास से निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।


धार्मिक गतिविधियों को मिलेगा नया केंद्र : डा. शैलेश कुमार
डा. शैलेश कुमार ने कहा कि मंदिर निर्माण का उद्देश्य मिशन चौक और आसपास के श्रद्धालुओं को एक बेहतर धार्मिक स्थल उपलब्ध कराना है। मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा। नींव ढलाई के अवसर पर उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा होने की कामना की।





