सीजीएल घोटालाः पटना के अपार्टमेंट में रटाये थे प्रश्नपत्र, सीआईडी जांच में मिले पुख्ता साक्ष्य

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 25, 2026

CGL scam question papers were provided for memorization at apartment in Patna

रांचीः सीजीएल परीक्षा 2023 पेपर लीक मामले में खुलासा हुआ है कि अभ्यर्थियों को पटना के एक अपार्टमेंट में प्रश्नपत्र रटाये गये थे। सीआईडी को अनुसंधान में कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। इस प्रकरण के मुख्य आरोपी राम कृष्ण कुमार सिंह के खिलाफ जुटाये गये साक्ष्यों से पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली यानी मॉडस ऑपरेंडी की जानकारी मिली है। सीआईडी की केस डायरी के अनुसार, आरोपी राम कृष्ण के मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) 20 और 21 सितंबर 2024 को पटना में ट्रेस किये गये हैं। इसी अवधि में पैसों के लेन-देन से जुड़ी लोकेशन की जानकारी भी जांच एजेंसियों को मिली है।

जांच में खुलासा हुआ है कि परीक्षा से ठीक पहले आरोपी पटना गया था और वहां अभ्यर्थियों को ठहराने की व्यवस्था में सक्रिय था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा है कि पटना के एक अपार्टमेंट में 25-30 अभ्यर्थी जमा कराये गये थे। वहां परीक्षा से पूर्व तीन अलग-अलग सेट में प्रश्नपत्र बांटकर सबको उत्तर रटाये गये थे। इसी पूरी प्रक्रिया के लिए राम कृष्ण ने रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से रकम जुटाई थी। इसके बाद राहुल कुमार राय, रूपेश देव, सुजीत कुमार राय और संजय कुमार जैसे बिचौलियों के जरिये नकद राशि आगे पहुंचायी गयी। मामले के एक अन्य आरोपी गजेंद्र कुमार राय के बयान से भी इसकी पुष्टि हुई है।

See also  मधुबनी में ASI ने घर में घुसकर की अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत, 3 लोगों को लगी गोली

केस के एक अन्य गवाह राहुल कुमार ने सीआईडी के समक्ष दर्ज बयान में कई अन्य कड़ियां जोड़ी हैं। गवाह के मुताबिक, राम कृष्ण के मूल शैक्षणिक दस्तावेज पटना निवासी संजय कुमार उर्फ संजय साव के पास गिरवी रखे गये थे। इन दस्तावेजों को वापस लेने के लिए दोनों पटना गये और संजय साव को पांच लाख पचास हजार रुपये का भुगतान किया।

कई राज्यों तक फैला है सिंडिकेट का जाल
सीआईडी की अब तक की तफ्तीश में इस सिंडिकेट का जाल कई राज्यों और सीमा पार तक फैले होने के संकेत मिले है। बोकारो के दुग्धा, नियामतपुर, दुर्गापुर के सीतलपुर, बिहार के पटना और नेपाल के बीरगंज जैसे ठिकानों पर अभ्यर्थियों को जुटाने के प्रमाण मिले है। इसके अतिरिक्त अभय तिवारी, अक्षय तिवारी और सुषमा कुमारी की भूमिका व उनके कॉल लॉग से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। ज्ञात हो कि झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/ 2025 दर्ज की गयी थी। इसकी जांच कर रही 17 सदस्यीय एसआईटी ने इस मामले में चौकाने वाले खुलासे किये है।

See also  झारखंड शराब घोटाले में ACB को बड़ी कामयाबी, कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से किया गिरफ्तार

कोडरमा निवासी आरोपी अजय कुमार परीक्षा में रहा था सफल
जांच के मुताबिक, कोडरमा निवासी आरोपी अजय कुमार खुद इस परीक्षा का सफल अभ्यर्थी था और राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में कनीय सचिवालय सहायक के पद पर नियुक्ति भी हो चुका था। सरकारी कुर्सी संभालने के साथ ही वह गिरोह में सक्रिय बिचौलिए की भूमिका भी निभा रहा था। अजय ने पटना के भिखना पहाड़ी स्थित कृष्णा डिफेंस एकेडमी के संचालक राकेश रंजन और गिरिडीह निवासी संजय कुमार के साथ मिलकर राम कृष्ण सहित कई अभ्यर्थियों को सिंडिकेट से जोड़ा था। गिरोह की कार्यप्रणाली के तहत अभ्यर्थियों को पटना के बुद्ध स्मृति पार्क के पास बुलाकर गुप्त मकान में प्रश्न-उत्तर रटाये जाते थे और सबूत मिटाने के लिए कागजात जला दिये जाते थे। रकम की गारंटी के लिए पहले ही मूल प्रमाणपत्र, खाली चेक और मोबाइल फोन जमा करा लिये जाते थे। अब तक 400 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ के बाद अजय, संजय और राम कृष्ण समेत दर्जनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। हाल ही में सीआईडी ने 10 आरोपियों के खिलाफ 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट भी दाखिल की है, जिसमें बैंक ट्रांसजेक्शन और होटलों के रिकार्ड को मुख्य साक्ष्य बनाया गया है।

See also  JSSC CGL पेपर लीक मामले में SIT ने 20 और अभ्यर्थियों से की पूछताछ, अब तक 8 गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now