लोहरदगा : जिले के कुडू थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कुडू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुडू की प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर पीड़िता के परिजनों को धमकाने का आरोप है। सोमवार शाम कुडू थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। कुडू थाना प्रभारी नीरज झा ने प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

बेटा और चालक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
कुडू थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में नामजद मुख्य आरोपित प्रखंड प्रमुख का बेटा प्रकाश उरांव और वाहन चालक दीपेंद्र भारती फिलहाल फरार चल रहे हैं। पुलिस दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला कुडू थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा हुआ है। इस संबंध में पीड़िता के पिता ने विगत 21 अक्टूबर को कुडू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि कुडू प्रखंड प्रमुख के बेटे प्रकाश उरांव ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद मामले को दबाने और शिकायत वापस लेने के लिए पीड़िता के परिवार को धमकाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।




