रांचीः होटवार जेल में बंदियों के साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार का मामला अब एक और गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। जिस पीड़ित ने जेल के भीतर हुई कथित दरिंदगी के खिलाफ आवाज उठाई, अब उसी को जेल के अंदर से जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगा है। पीड़ित के पिता ने दावा किया है कि उनके बेटे को होटवार जेल से फोन कर न सिर्फ चुप रहने की चेतावनी दी गई, बल्कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
‘मैं अरविंद हूं, होटवार जेल से बोल रहा हूं…’ : पीड़ित के पिता के मुताबिक, 12 नवंबर को होटवार जेल में कथित यौनाचार का मामला सामने आने के बाद अगले ही दिन यानी 13 नवंबर को शाम करीब 4 बजे उनके बेटे के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने कथित तौर पर अपना नाम अरविंद बताते हुए कहा, मैं होटवार जेल से बोल रहा हूं। क्या बात हुई थी, अपनी जेल में याद है ना? अगर किसी को कुछ बताया तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार देंगे। यही याद दिलाने के लिए फोन किया था। पिता का आरोप है कि यह धमकी जेल के अंदर से दी गई। उनका दावा है कि फोन करने वाला व्यक्ति भी उन्हीं आरोपियों में शामिल है, जिनके खिलाफ पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, फोन कॉल की वास्तविक लोकेशन, कॉल करने वाले की पहचान और धमकी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच का विषय है।
खेलगांव थाना ने आवेदन लेने से किया इंकार धमकी की शिकायत लेकर जब पीड़ित के पिता खेलगांव थाना पहुंचे तो उनका आवेदन नहीं लिया गया। पीड़ित के पिता का आरोप है कि थानेदार ने उन्हें रातू थाना जाकर मामला दर्ज कराने की सलाह दी। वहीं जब इस शिकायत को लेकर वे एसएसपी के पास गए तो एसएसपी ने भी खेलगांव में ही शिकायत कराने को कहा। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर फोन वास्तव में होटवार जेल के अंदर से किया गया, तो आखिर मोबाइल जेल के भीतर पहुंचा कैसे? जेल में मोबाइल फोन प्रतिबंधित होने के बावजूद किसी बंदी के पास फोन होना और उसका इस्तेमाल कर पीड़ित को धमकाना जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जांच की रफ्तार पर सवाल, 14 दिन बाद भी मजिस्ट्रेट के सामने बयान नहीं 3 नवंबर को मामला सामने आया था। 12 नवंबर को मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई। लेकिन गंभीर आरोपों के बावजूद पीड़ित के पिता का कहना है कि अब तक उनके बेटे का मजिस्ट्रेट के सामने धारा 164 के तहत बयान दर्ज नहीं कराया गया है। उनके मुताबिक, बच्चे का मेडिकल जांच और पुलिस के समक्ष बयान तो लिया गया, लेकिन मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है।
पीड़ित का दावा- अकेला नहीं हूं, जेल में और भी हैं शिकार पीड़ित ने एक और बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह अकेला नहीं है, जिसके साथ जेल में कथित तौर पर इस तरह की घिनौनी हरकत हुई। उसके जैसे कई अन्य पीड़ित भी हैं, जो इसी तरह की यातनाएं झेल रहे हैं, लेकिन सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। यदि पीड़ित का यह दावा सही है तो मामला किसी एक बंदी के साथ कथित अपराध तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि जेल के भीतर चल रहे संभावित शोषण के बड़े नेटवर्क की आशंका की जांच जरूरी हो जाती है।
इससे पहले 9 नवंबर को पिता को आया था फोन इससे पहले एफआईआर दर्ज होने से पहले ही पीड़ित के पिता को फोन आया था, जिसमे कहा गया और पार्वती मईया …….। आरोपी के पिता ने बताया कि 9 नवंबर एक व्यक्ति ने फोन किया उसने अपना नाम पिंटू वर्मा बताया, वह भी इस मामले में आरोपी। फिलहाल वह जेल से बाहर है। उसने मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से कॉल कर मेरे बेटे (पीड़ित) से बात कराने का दबाव बनाया। इस संबंध में 11 नवंबर को ही खेलगांव थाना प्रभारी को मौखिक सूचना दी गई थी। लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया। वहीं पूरे मामले की जानकारी के लिए दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने जब खेलगांव थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन रिसीव करना भी जरुरी नहीं समझा।





