पटनाः बिहार में अपराध की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। बेगूसराय में होटल के कमरे में युवती को बंधक बनाकर मारपीट और दुष्कर्म का आरोप लगा है। दरभंगा में मंदिर में पूजा करने पहुंची 8 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वहीं, पटना में फोन पर बात नहीं करने से नाराज युवक ने युवती की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।
बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।पीड़िता ने दो लोगों पर हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसे इंटरनेट मीडिया व वाट्सएप ग्रुप में वायरल करने का आरोप लगाया है। नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी कर कार्रवाई शुरू कर दी है।पीड़िता ने 28 सितंबर की देर शाम नगर थाना पहुंचकर आवेदन दिया। आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि घटना 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे की है।

पड़ोसी ने अपने साथी के साथ किया दुष्कर्म
वह स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पड़ोसी विकास सहनी मिला। आरोप है कि उसने पीड़िता को झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।इसके बाद वह पीड़िता को अपने आवासीय मकान के समीप ले गया, जहां पहले से रोहित कुमार मौजूद था। दोनों उसे बातचीत के बहाने ब्लू डायमंड होटल ले गए।
आवेदन के अनुसार, होटल के कमरे में आरोपितों ने दरवाजा बंद कर दिया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया गया, जिसे बाद में इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचने और स्वजन को घटना की जानकारी देने की बात कही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को सूचित किया गया है।महिला पुलिस पदाधिकारियों की देखरेख में पीड़िता का मेडिकल सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। वहीं, घटना में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दरभंगा: मंदिर में 8 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप
दरभंगा के कुशेश्वर स्थान महादेव मंदिर में 8 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. आरोप मंदिर के नामजद पंडा शिव कुमार झा उर्फ छोटू पर लगा है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने उसे सहरसा जिले के गंडोल से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूजा के बाद बच्ची को कमरे में ले गया
पीड़िता रविवार को अपनी 10 साल की चचेरी बहन के साथ मंदिर में पूजा करने पहुंची थी। आरोप है कि पंडा शिव कुमार झा ने उसकी पूजा कराई. पूजा के बाद बच्ची ने प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ गलत तरीके से स्पर्श किया।
इसके बाद मिठाई खिलाने का लालच देकर बच्ची को एक कमरे में ले जाने और वहां छेड़छाड़ करने का आरोप है।पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मामले में कार्रवाई की गई है।
पटना: फोन पर बात नहीं करने से नाराज युवक ने चाकू मारा
पटना के परसा बाजार इलाके में फोन पर बात नहीं करने से नाराज युवक पर युवती की गर्दन पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। घटना यादवचक की है। हमले में युवती खून से लथपथ हो गई।उसके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मौके से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है।
फोन पर बात करने का बना रहा था दबाव
पीड़िता मूल रूप से जहानाबाद के घोसी की रहने वाली है।उसने पुलिस को बताया कि यादवचक निवासी राजकुमार यादव उस पर फोन पर बात करने का दबाव बना रहा था। वह उससे बात नहीं करना चाहती थी।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने मुर्गा काटने वाली दुकान से चाकू उठाया और उसकी गर्दन पर वार कर दिया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया।टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। युवती फिलहाल गांधी मैदान इलाके में किराये के मकान में रहती है। पहले वह यादवचक में रहती थी। सोमवार शाम वह कपड़ा सिलवाने के लिए यादवचक गई थी। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





