रांची: झारखंड में पिछले पांच दिनों से जारी 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई। स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई त्रिपक्षीय वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनने के बाद संघ ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया।

हड़ताल समाप्त होने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पांच दिनों से एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने के कारण आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वार्ता में सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया। इससे राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा फिर से सामान्य होने का रास्ता साफ हो गया है।

कंपनी अब मनमाने तरीके से नहीं निकाल सकेगी नौकरी से
कर्मचारियों की सबसे बड़ी चिंताओं में नौकरी की सुरक्षा भी शामिल थी। अब कंपनी अपनी मर्जी से किसी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाल सकेगी। किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत या लापरवाही का मामला सामने आने पर राज्य एनएचएम टीम, संबंधित जिले के सिविल सर्जन और कर्मचारी संघ की सहभागिता में जांच होगी। जांच में दोषी पाए जाने पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।यह व्यवस्था 22 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और संघ के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में बनी सहमति के अनुरूप लागू होगी।

EPF, ESIC, बीमा और बोनस भी मिलेगा
समझौते के अनुसार दो महीने का बकाया वेतन 48 घंटे में देना होगा। वहीं, फरवरी 2025 से अब तक वेतन और ईपीएफ-ईएसआईसी में की गई कटौती की जांच कर 30 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। संघ का कहना है कि इन निर्णयों को लागू करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।





