साहिबगंज : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार रविवार को साहिबगंज दौरे पर पहुंचे है। एसआईआर में शिकायतें मिलने के बाद उनका दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले बरहड़वा में जांच के दौरान खामियां मिली थीं। करीब सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने का आदेश उन्होंने डीसी को दिया था। के रवि कुमार राजमहल अनुमंडल और उधवा प्रखंड कार्यालय पहुंचे और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की जानकारी लेकर निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा दोहराए गए नामों की पहचान कर सूची से हटाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची की मौजूदा स्थिति, आवेदन-पत्रों के वितरण, प्राप्त आवेदनों और उनके निपटारे का जायजा लिया। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से सत्यापन की प्रगति तथा सूची को त्रुटिरहित बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी अभिलेखों की जानकारी भी ली गई। बरहड़वा प्रखंड भी जांच करने जा सकते है।
रविवार को कामकाज के लिए विशेष पत्र जारी
रविवार को सामान्यतः अवकाश रहता है, लेकिन विशेष पत्र जारी कर दिन के अन्य कार्य-दिवसों की तरह कामकाज करने का आदेश दिया गया था। आदेश शनिवार को मिलने के साथ सभी पदाधिकारी अपने अधिनस्त बीएलओ को जानकारी दिया और समय पर ब्लाक पहुंचने को कहा। के रवि कुमार के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दीपक कुमार दुबे और अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और पुलिस बल तैनात था। अधिकारियों की सक्रियता के बीच दौरे को मतदाता सूची पुनरीक्षण और निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।





