रांचीः झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए। इस समारोह में मझगांव से जेएमएम विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक का सम्मान दिया गया। निरल पूर्ति की तारीफ मंच से करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि निरल पूर्ति ऐसे विधायक है जो सिर्फ काम में लगे होते है, वो अखबारों और मीडिया में छपते दिखाई नहीं देते, लेकिन कुछ ऐसे भी होते है जो काम नहीं करते सिर्फ मीडिया में दिखाई देते है।

विधानसभा के स्थापना दिवस पर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह मंदिर (विधानसभा) न किसी की जात देखता है, न किसी का धर्म देखता है, न किसी की आय देखता है, न किसी की ऊँच-नीच देखता है। सभी एक समान हैं। मुझे लगता है कि इस लोकतंत्र में इससे बड़ा मंदिर और दूसरा कोई नहीं हो सकता। यह इंसानियत का मंदिर है, मानवता का मंदिर है।

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर हर व्यक्ति के लिए एक सम्मानित जगह पर है, इसका सम्मान करते हुए हर एक निर्णय में हम सबका प्रयास होना चाहिए कि वह निर्णय इस राज्य के जनमानस के हित में उठे, उनके लिए नीतियाँ बनें, जिसके लिए हम सभी लोग यहाँ चुनकर आते हैं। 2050 में झारखण्ड का स्वरूप कैसा हो, इस पर सरकार नीति-निर्धारण कर रही है, ताकि आंदोलनकारियों के सपनों को साकार कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर व्यवस्था दी जा सके।





