पलामू: जिले में गृह प्रवेश समारोह की खुशियां उस समय चिंता में बदल गईं, जब दावत में भोजन करने के बाद 400 से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना सामने आई। मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ खरडीहा गांव का है। शुक्रवार को विमलेश यादव के घर आयोजित गृह प्रवेश समारोह में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। किसी को उल्टी, किसी को बदन दर्द तो किसी को तेज बुखार की शिकायत हुई।
रविवार तक बीमार लोगों की संख्या लगातार बढ़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति गंभीर होने पर रविवार सुबह 40 से अधिक बीमार लोगों को इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दिलीप कुमार, रोशन कुमार, रेणु कुमारी, ललिता देवी, मंजू देवी, उर्मिला देवी, सतेंद्र यादव, प्रदीप यादव, निशा कुमारी, आकाश कुमार, शुभम कुमार, बिंदु देवी, केशरी यादव, रंजीत कुमार, किशुन यादव और बरती देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। वहीं, कई अन्य बीमार लोगों का गांव में ही इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है कि जमुआ खरडीहा गांव में शुक्रवार को आयोजित गृह प्रवेश समारोह में आसपास के गांवों से लोग शामिल हुए थे।
बताया जाता है कि भोज में 400 से अधिक लोगों ने भोजन किया। इसके बाद धीरे-धीरे उन लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों ने परेशानी की शिकायत की, लेकिन अगले दो दिनों में बीमारों की संख्या बढ़ती चली गई। छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि यह मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम जमुआ खरडीहा गांव भेजी गई है। टीम गांव में बीमार लोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने गृह प्रवेश समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है। साथ ही भोजन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।





