लोहरदगा: देशभर में तेजी से बढ़ रही ऑनलाइन फार्मेसी और कथित अवैध ई-फार्मेसी गतिविधियों के विरोध में 20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा दुकान बंद का आह्वान किया गया। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) द्वारा बुलाए गए इस बंद का लोहरदगा जिले के दवा व्यवसायियों ने भी समर्थन किया। शहर से लेकर गांव तक की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहीं।हालांकि, आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लोहरदगा जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ द्वारा विभिन्न प्रखंडों में दवा आपूर्ति के लिए विशेष संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
संघ के अध्यक्ष मुकेश प्रसाद एवं सचिव पवन गौतम ने दवा दुकान बंद की मॉनिटरिंग की। सचिव पवन गौतम ने कहा कि ई-फार्मेसी कंपनियों के अनियंत्रित विस्तार और नियमों की अनदेखी से पारंपरिक दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, वहीं आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन माध्यम से बिना पर्याप्त निगरानी के दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे गलत दवा सेवन और दवाओं के दुरुपयोग की आशंका बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कई ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म डॉक्टर की पर्ची (प्रिस्क्रिप्शन) वाली दवाओं की भी ऑनलाइन बिक्री कर रहे हैं। इससे नशीली एवं आदत बनाने वाली दवाओं के दुरुपयोग की संभावना बढ़ गई है। साथ ही एंटीबायोटिक दवाओं के अनियंत्रित उपयोग से एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जैसी गंभीर समस्या बढ़ने की भी आशंका जताई गई।
संघ के अध्यक्ष मुकेश प्रसाद ने कहा कि बड़े कॉरपोरेट संस्थान भारी छूट देकर बाजार संतुलन बिगाड़ रहे हैं, जिससे छोटे एवं मध्यम स्तर के केमिस्टों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने सरकार से ई-फार्मेसी संचालन को लेकर सख्त नियम लागू करने और अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल दवा व्यवसायियों के हित के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। साथ ही जिलेवासियों से सहयोग की अपील की गई है।
इमरजेंसी सेवा हेतु जारी संपर्क नंबर:
* सेन्हा – 8709555965
* कुडू – 6200458260
* भंडरा – 9608891851
* कैरो – 9798365971
* लोहरदगा शहरी क्षेत्र – 8292324141 / 7717797054


