रांचीः झारखंड में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब के कारण मंगलवार से झारखंड का मौसम एक बार फिर बदल गया है। दोपहर बाद आकाश में घने बादल छाये रहे और कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई है। लातेहार में 12 मिमी, रांची में 9 मिमी और जमशेदपुर में एक मिमी बारिश दर्ज की गयी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में गहरा दवाब बनने और इसके आगे बढ़ने के कारण 23 सितंबर को रांची सहित 16 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। 23 सितंबर को झारखंड के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। दक्षिणी झारखंड के साथ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर-पूर्वी झारखंड के गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भी भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है।

24 सितंबर को और बढ़ेगा बारिश का असर
24 सितंबर को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इनसे सटे रांची, गुमला और खूंटी में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां, मध्य झारखंड के लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो तथा उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी है।



25 सितंबर को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
25 सितंबर को बारिश का फोकस झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे लगे उत्तर-मध्य इलाकों में रहने की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 72 घंटे झारखंड के लिए मौसम के लिहाज से अहम हैं। आज 23 सितंबर को कई हिस्सों में भारी बारिश, 24 सितंबर को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश और 25 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।




