पटनाः दानापुर में मंगलवार रात बिहार पुलिस के सिपाही ने अपनी बहन को गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी शूट कर लिया। दोनों भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नासरीगंज के मिथिला कॉलोनी की है। जहां मोतिहारी में तैनात एएसआई (जमादार) ओमचंद्र ने पटना के दानापुर स्थित किराये के मकान में 21 साल की बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर खुद को शूट कर सुसाइड कर लिया। दोनों की लाश बंद कमरे में पड़ी मिली। पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस पिस्टल, दो खोखे, दो मैगजीन, 33 जिंदा कारतूस और दो फायर किए गए बुलेट बरामद किए हैं। बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।

छोटा भाई घर पर नहीं था मौजूद
जानकारी के मुताबिक, दानापुर थाना इलाके के मिथिला कॉलोनी मोड़ पर स्थित ब्रजेश कुमार के घर में ओमनाथ नाम का शख्स किराये पर रह रहा था। ओमनाथ पटना की कूरियर कंपनी में काम करता था। उसकी 21 वर्षीय बहन गायत्री देवी भी उसके साथ में रहती थी।ओमनाथ का बड़ा भाई 30 वर्षीय ओमचंद्र मोतिहारी में बिहार पुलिस में पोस्टेड है।वह दो दिन पहले अपने भाई-बहन से मिलने के लिए आया था।


22 सितंबर की रात 8:30 से 9:00 बजे के बीच ओमचंद्र ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से पहले बहन को गोली मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगो में हड़कंप मच गया। मृतक का भाई ओमनाथ घटना के समय वहां मौजूद नहीं था। जब सूचना मिली तो आनन-फानन में वह घर पर आया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दो महीने में होने वाली थी सिपाही की शादी
मृतक सिपाही ओमचंद्र मूलरूप से मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित मरथुआ गांव का रहने वाला था। उसके पिता का देहांत हो चुका है, जिसके बाद उसे अनुकंपा के तहत नौकरी मिली थी। ओमचंद्र मोतिहारी में बिहार पुलिस में तैनात था। 2 महीने बाद उसकी शादी भी होने वाली थी। वहीं, मृतक बहन गायत्री के संबंध में बताया गया कि उसकी शादी साल 2024 के अप्रैल महीने में हुई थी। मानसिक रूप से बीमार रहने के कारण वह अपने भाई के साथ ही दानापुर रहती थी और उसका उपचार चल रहा था।
हत्या और आत्महत्या की वजह नहीं आई सामने
एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दानापुर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने जब घर का दरवाजा खोला तो दोनों भाई-बहन मृत पड़े हुए मिले। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। शवों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस घटना के कारणों को पता लगाने में जुटी हुई है।गायत्री को लगी गोली उसकी गर्दन को छेदते हुए जबड़े से आरपार हो गई। वहीं, ओमचन्द्र के कान के पास गोली लगने के निशान पाए गए हैं। यह डबल मौत का मामला प्रथम दृष्टया पारिवारिक समस्याओं से जुड़ा लग रहा है।दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।





