लोहरदगा के कैरो में किराना दुकान की चोरी की जांच में गई पुलिस के साथ ग्रामीण भिड़े, गाली-ग्लौज, हाथापाई की हुई घटना

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 22, 2026

लोहरदगा के कैरो में किराना दुकान की चोरी की जांच में गई पुलिस के साथ ग्रामीण भिड़े, गाली-ग्लौज, हाथापाई की हुई घटना

लोहरदगा : जिले के कैरो थाना क्षेत्र के चेरिमा गांव में किराना दुकान में हुई चोरी की घटना की जांच के लिए गर्द पुलिस टीम और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। बीते रात जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और कथित हाथापाई की स्थिति बन गई। मामले में कैरो थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी के बयान पर 26 नामजद समेत 35-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

चोरी की शिकायत से शुरू हुआ विवाद
चेरिमा गांव निवासी जसीम अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी की किराना दुकान में बीते दिन चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में इरफान ने कुछ युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए कैरो थाना पुलिस से शिकायत की थी। इसी मामले की जांच के लिए सोमवार रात दलबल के साथ कैरो थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी चेरिमा गांव पहुंचे थे। इधर, इरफान का आरोप है कि शिकायत के सिलसिले में थाना जाने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उसे हाजत में रखा गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसी पृष्ठभूमि में पुलिस टीम के गांव पहुंचने पर विवाद शुरू हुआ।

See also  राज्यसभा चुनाव में JMM को विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका, चुनाव आयोग से की शिकायत

मामले में पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
कैरो थाना प्रभारी के बयान पर कैरो थाना कांड संख्या 43/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस के काम में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज और अन्य आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार तथा हाथापाई की गई। वहीं इरफान अंसारी का कहना है कि पुलिस टीम सादे लिबास में जांच के लिए पहुंची थी। उसके अनुसार मौके पर हल्की धक्का-मुक्की हुई, लेकिन मारपीट नहीं हुई। उसने अपने साथ थाना में कथित मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।

एसपी ने एसडीपीओ को सौंपी मामले की जांच
मामले में फिलहाल ग्रामीणों की ओर से अलग से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने पूरे घटनाक्रम की जांच का जिम्मा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा को सौंपा है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब चोरी की मूल घटना के साथ सोमवार रात हुए विवाद के पूरे घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है।

See also  विनय चौबे के खिलाफ IAS अधिकारी अमित कुमार ने दी गवाही, 164 के तहत दिया बयान
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now