लोहरदगा : बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन 13 फरवरी को होगा। आईपीएल के तर्ज पर आयोजित इस हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला लोहरदगा लाइन बनाम पलामू जगलर्स के बीच होगा। इसकी जानकारी लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सह राज्यसभा के पूर्व सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने दी। उन्होंने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। जबकि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह क्रिकेटरों के साथ-साथ खेलप्रेमियों को उत्साह बढ़ाएंगे। बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्रिकेट मैच के पहले सेमीफाइनल में पलामू जगलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में लोहरदगा की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अब दर्शकों को फाइनल में कांटे की टक्कर की उम्मीद है। खेलप्रेमियों की निगाहें अब फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। लोहरदगा और पलामू की टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला न केवल ट्रॉफी के लिए होगा, बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई भी होगी। दर्शकों को एक रोमांचक और यादगार फाइनल की उम्मीद है।

सहवाग-हरभजन रहेंगे आकर्षण का केंद्र
फाइनल मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह की उपस्थिति खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के उत्साह को दोगुना करेगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह अवसर किसी उत्सव से कम नहीं होगा। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के आगमन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होने के लिए भारत के दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह गुरुवार को रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बुके और अंगवस्त्र देकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उनके सुपुत्र हर्षित साहू ने भी हरभजन सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मौके पर अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आईपीएल की तर्ज पर आयोजन
बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ रंगारंग कार्यक्रम के साथ किया गया था। उद्घाटन मैच में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई थी। पूरे आयोजन को आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया गया है। चियर्स गर्ल्स का प्रदर्शन भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बीएस कालेज स्टेडियम में आकर्षक लाइटिंग, साउंड सिस्टम और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्रिकेट के फाइनल मैच के दौरान कई कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे समापन समारोह यादगार बन सके।

प्रशासनिक तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात नियंत्रण की भी विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति और जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अंतिम तैयारियों की समीक्षा की है।




