समस्तीपुर में छेड़छाड़ के आरोपियों के घर चला बुलडोजर, PDS डीलर का लाइसेंस भी रद्द

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 25, 2026

समस्तीपुर में छेड़छाड़ के आरोपियों के घर चला बुलडोजर, PDS डीलर का लाइसेंस भी रद्द

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और वायरल वीडियो मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही आरोपियों के घरों और दुकानों के आसपास सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन हुआ।आरोपी राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और कर्पूरीग्राम के बिजौलिया निवासी अवधेश पासवान के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

पीडीएस दुकान का लाइसेंस रद्द
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के व्यावसायिक ठिकानों पर भी प्रहार किया गया। मुख्य आरोपी बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान की जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का लाइसेंस रद्द कर दिया गया। एक अन्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के पक्के निर्माण को हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। मकान पक्का होने के कारण तत्काल ध्वस्त नहीं किया गया।


आरोपी पर शराब तस्करी का आरोप
गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी विकास कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। शराब तस्करी से जुड़े उत्पाद अधिनियम के तहत चार अलग-अलग केस दर्ज हैं। विकास का भाई सुभाष हत्या के मामले में पिछले 5 वर्षों से तेलंगाना की जेल में बंद है।

क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बांध किनारे बाइपास सड़क पर एक नाबालिग किशोरी के साथ कुछ युवकों ने अभद्रता और गलत व्यवहार किया था।सरेराह छेड़खानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो सामने आते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटना का सत्यापन कर महज छह घंटे के भीतर सभी नामजद आरोपियों को दबोच लिया।
मामले में पुलिस का बड़ा बयान
घटना के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय से एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह शुक्रवार को समस्तीपुर पहुंचे। एसपी अरविंद प्रताप सिंह समेत जिले के डीएसपी रैंक के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में लंबित मामलों के निष्पादन और स्पीडी ट्रायल पर गहन चर्चा हुई।एडीजी ने कहा कि राज्य सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर बेहद संवेदनशील है।

बिहार में एक साथ तीन-तीन घटनाएं
हाल के दिनों में बिहार के तीन अलग-अलग जिलों से लड़कियों के साथ छेड़खानी और वीडियो वायरल करने के मामले सामने आये। इसमें समस्तीपुर के अलावे जमुई और बांका में इस तरह की घटना हुई। जमुई के मड़वा पहाड़ी क्षेत्र में 19 सितंबर को कोचिंग से लौट रहे दो नाबालिग छात्र-छात्राओं के साथ बेरहमी से मारपीट, अभद्रता और छेड़छाड़ की गई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। बांका मंदार हिल क्षेत्र में लड़कियों के साथ सार्वजनिक रूप से बदसलूकी करने और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

See also  शर्त जीतने के लिए हार गया जिंदगी, जलते पटाखों पर बैठे शख्स की मौत; VIDEO देखकर कांप जाएंगे
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now