हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 570 ग्राम अफीम ने खोला लोहरदगा का कनेक्शन, कुडू से सप्लायर गिरफ्तार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 23, 2026

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 570 ग्राम अफीम ने खोला लोहरदगा का कनेक्शन

लोहरदगा : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई 570 ग्राम अफीम की जांच का तार झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू से जुड़ गया है। मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हरियाणा क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को कुडू बंगला मुहल्ला में छापामारी कर कथित सप्लायर इमरान अली उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपित को पूछताछ और मेडिकल जांच के बाद ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा ले जाया गया। आरोपित की पहचान कुडू बंगला मुहल्ला निवासी शमशेर अली के पुत्र इमरान आलम के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध कुरुक्षेत्र थाना कांड संख्या 405/26 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/29 के तहत मामला दर्ज बताया गया है। हालांकि, मामले में पुलिस की आगे की जांच के बाद ही नशे की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

ट्रक की तलाशी में मिली थी अफीम
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को अफीम की एक खेप कुडू से पंजाब भेजे जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान कुरुक्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पंजाब जा रहे एक मालवाहक ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक से 570 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक चालक पंजाब निवासी कमलदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में चालक ने कथित तौर पर बताया कि उसने झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू स्थित एक दुकान से अफीम खरीदी थी। इसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ी और क्राइम ब्रांच ने खेप के स्रोत तथा इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की।

See also  जमशेदपुर में गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ो रुपए का सामान जलकर खाक

ट्रक चालक निशानदेही पर कुडू पहुंची क्राइम ब्रांच
वाहन जांच के दौरान हिरासत में लिए गए एक अन्य युवक से पूछताछ में भी कुडू के एक कथित सप्लायर से अफीम खरीदने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने बताई। इसके बाद हरियाणा क्राइम ब्रांच ने कुडू पहुंचकर लोहरदगा पुलिस से संपर्क किया।
हरियाणा क्राइम ब्रांच के एसआइ नरेंद्र के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ बंगला मुहल्ला में छापेमारी की। कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार के निर्देश पर अवर निरीक्षक जैनी सुधा तिग्गा ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक और अफीम खरीदने वाले युवक ने इमरान अली उर्फ टिंकू की पहचान कथित तौर पर उसी व्यक्ति के रूप में की, जिससे 18 सितंबर को अफीम खरीदे जाने की बात कही गई थी।

नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही टीम
कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि हरियाणा क्राइम ब्रांच ने मामले में सहयोग के लिए लोहरदगा पुलिस से संपर्क किया था। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने जांच टीम को सहयोग किया। कार्रवाई में हरियाणा क्राइम ब्रांच के एसआइ नरेंद्र, एएसआइ प्रवेश, आरक्षी प्रदीप और तकनीकी शाखा के जसविंदर शामिल थे। अब हरियाणा पुलिस आरोपित से पूछताछ कर अफीम की खरीद-बिक्री, आपूर्ति के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

See also  झारखंड में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 1 करोड़ के इनामी खूंखार नक्सली विवेक समेत 8 लोगों की मौत
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now