लोहरदगा : जिले में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने पांच थानों के प्रभारियों समेत नौ पुलिस अवर निरीक्षकों का स्थानांतरण करते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है। 25 सितंबर को जारी आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी ज्ञापांक 4936/गो. के तहत लोहरदगा, सेन्हा, कुडू, किस्को और कैरो थाना में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। आदेश की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों सहित संबंधित शाखाओं और पदाधिकारियों को भी भेजी गई है। फेरबदल के बाद थाना स्तर पर नई टीम के साथ पुलिसिंग को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
एक थाना से दूसरे थाने भेजे गए अधिकारी
स्थानांतरण सूची में लोहरदगा थाना से मनोज कुमार को हटाकर सेन्हा थाना प्रभारी बनाया गया है। कुडू थाना के प्रभारी अजीत कुमार को तकनीकी शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। तकनीकी शाखा के प्रभारी वारिस हुसैन अब किस्को थाना संभालेंगे। वहीं सेन्हा के थाना प्रभारी नीरज झा को कुडू थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार साधु को लोहरदगा थाना भेजा गया है। बगड़ू थाना प्रभारी दिनेश कुमार को भी लोहरदगा थाना में पदस्थापित किया गया है। सेन्हा थाना में पदस्थापित अविनाश राम को बगड़ू थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कैरो थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी अब सेन्हा थाना में योगदान देंगे। जबकि लोहरदगा थाना में पदस्थापित रवि रंजन कुमार को कैरो थाना प्रभारी बनाया गया है।


प्रभार में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसपी ने स्थानांतरित सभी अधिकारियों को तत्काल योगदान कर इसकी रिपोर्ट देने को कहा है। नए थाना प्रभारियों के लिए मालखाना का प्रभार लेने की समयसीमा भी निर्धारित की गई है। उन्हें सात दिनों के भीतर मालखाना का प्रभार ग्रहण करना होगा। इसके साथ लंबित कांडों से संबंधित आवश्यक अभिलेख और जिम्मेदारियां भी नियमानुसार हस्तांतरित करनी होंगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मालखाना या लंबित कांडों का प्रभार निर्धारित अवधि में नहीं सौंपने अथवा ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी और मालखाना प्रभारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इससे स्थानांतरण के साथ प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया है।





