लखनऊ : भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अंतरिक्ष उड़ान पर लखनऊ में उनके परिवार और आसपास के लोगों में जबरदस्त उत्साह और गर्व का माहौल है। Axiom Mission 4 के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की ओर रवाना हुए शुभांशु भारत के उन गिने-चुने अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने अंतरिक्ष की ओर उड़ान भरी है।
शुभांशु शुक्ला की मां हुईं भावुक
शुभांशु शुक्ला के माता-पिता दोनों एक साथ लखनऊ से शुभांशु की अंतरिक्ष यात्रा को देख रहे थे । शुभांशु की मां की आंखें उस वक्त छलक गईं जब वे अंतरिक्ष में पहुंचे । शुभांशु शुक्ला के परिजन भावुक नजर आए। उनकी मां आशा शुक्ला ने कहा, “यह बहुत अच्छा अनुभव है, हम सब बहुत भावुक हो गए थे। बहुत खुशी है।” उनकी बहन शुचि मिश्रा ने भावुक होते हुए कहा, “यह बहुत भावुक पल था, मेरे पास शब्द नहीं हैं। हम बहुत खुश हैं कि पहला स्टेज अच्छे से पार हो गया लेकिन यह बस शुरुआत है, अभी बहुत कुछ बाकी है।“
शुभांशु के पिता और बहन ने क्या कहा ?
बहन निधि मिश्रा ने कहा, “यह हमारे परिवार के लिए बहुत खुशी का पल है। मैं बहुत गर्व महसूस कर रही हूं। वह सुरक्षित रूप से ऑर्बिट तक पहुंच गए हैं इसलिए मैं बहुत खुश हूं।” उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने ईश्वर का आभार व्यक्त करते हुए कहा “बहुत अच्छा लग रहा है, बहुत खुशी है। मैं भगवान का धन्यवाद करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उसका मिशन सफल रहे, भगवान उसे आशीर्वाद दें।“
क्या है Axiom Mission 4?
Axiom Space द्वारा संचालित यह मिशन एक प्राइवेट स्पेस फ्लाइट मिशन है, जो चार देशों के चार अंतरिक्षयात्रियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचा। शुभांशु इस मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उनके साथ इटली, तुर्किये और स्वीडन के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं। शुभांशु इस मिशन के पायलट की भूमिका निभा रहे हैं।
मिशन की खास बातें:
- मिशन का मकसद माइक्रोग्रैविटी में वैज्ञानिक प्रयोग, मेडिकल रिसर्च और भविष्य के स्पेस स्टेशन के निर्माण में सहयोग करना है।
- शुभांशु शुक्ला पिछले कई महीनों से अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित Axiom Space केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे थे।
- यह मिशन लगभग 14 दिनों तक चलेगा, जिसमें अंतरिक्ष यात्री ISS पर वैज्ञानिक गतिविधियों में भाग लेंगे।
देश भर में गर्व और बधाइयाँ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई गणमान्य व्यक्तियों ने शुभांशु को बधाई दी है और उनके सुरक्षित व सफल मिशन की कामना की है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस ऐतिहासिक उड़ान को लेकर उत्साह और गर्व जताया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला द्वारा संचालित Axiom mission 4 के शुभारंभ पर कहा, “…यह भारत के विकसित भारत के शिखर पर पहुंचने का अग्रदूत है।”




