लोहरदगा : दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने शुक्रवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा का मिला भरोसा
बैठक में एसपी रिजवी ने कहा कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान बाजारों में भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस और व्यापारियों दोनों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और चैंबर ऑफ कॉमर्स के बीच बेहतर तालमेल रहेगा, तो किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा। एसपी ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द और सहयोग की भावना बनाए रखें।
एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहेगी। उन्होंने कहा— “व्यापारी निर्भीक होकर व्यापार करें, पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।”
उन्होंने बताया कि जिले में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। धनतेरस के अवसर पर वाहन शोरूम, ज्वेलरी, फर्नीचर और बर्तन की दुकानों के आसपास विशेष सशस्त्र बलों की तैनाती की जाएगी।
कारोबारियों ने रखे सुझाव
एसपी ने सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में अपराधियों की पहचान में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य है कि जिले में हर व्यापारी निडर होकर, बिना किसी भय या व्यवधान के अपनी गतिविधियां संचालित कर सके।
बैठक में यह भी तय हुआ कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी से निगरानी, ट्रैफिक नियंत्रण और नाइट पेट्रोलिंग को बढ़ाया जाएगा। एसपी ने कहा कि “त्योहार केवल आनंद के नहीं, बल्कि आपसी एकता और सहयोग के प्रतीक हैं। सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे शांति और सुरक्षा के माहौल को बनाए रखें।”
बैठक में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रितेश कुमार, सचिव राकेश कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष दीपक पोद्दार, वरीय उपाध्यक्ष पंकज जायसवाल, सह-सचिव अनीष मित्तल, कार्यकारिणी सदस्य राजेश महतो, सुमित कुमार राय, विजय खत्री, आशीष मित्तल, मनीष कुमार गुड्डू और फिरोज शाह मौजूद थे।
एसपी स्तर पर संवाद और सुझावों का दौर जारी
डीजीपी कार्यालय से जारी निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में स्थानीय चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनने को कहा गया है। लोहरदगा में हुई यह बैठक उसी दिशा में एक पहल थी।
एसपी ने व्यापारियों से कहा कि वे असामाजिक तत्वों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक 13 अक्टूबर को
झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता की अध्यक्षता में आगामी 13 अक्टूबर को राज्यस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें राज्य के सभी एसपी, रेल पुलिस अधीक्षक और चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण, और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।





