रांचीः राष्ट्रपति दौपर्दी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार को रांची पहुंची। तीन दिवासीय झारखंड दौरे पर राष्ट्रपति रांची, जमशेदपुर और गुमला का दौरा करेंगी। इस दौरान वे दिशोम जाहेर स्थान पर पूजा-अर्चना, पंडित रघुनाथ मुर्मू और कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। राष्ट्रपति ओल चिकी शताब्दी समारोह और एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजभवन को सोहराय पेटिंग से सजाया गया है। उनका काफिला जिस मार्ग से गुजरेगा उसके किनारे में स्वागत स्लोगन के साथ पेटिंग लगाया गया है।
राष्ट्रपति के 28 से 30 दिसंबर तक रांची दौरे के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक यातायात ने इस संबंध में आवश्यक सूचना जारी की है। सुरक्षा कारणों से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। हिनू चौक से लोक भवन तक के मार्ग विशेष रूप से प्रभावित होंगे। नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
कारोबारी श्रवण जालान और नवीन पटवारी को ACB का नोटिस, विनय चौबे के मामले को लेकर सोमवार को बुलाया
28 दिसंबर को रांची शहर में अपराह्न 4 बजे से रात 8:30 बजे तक सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, बस और सवारी वाहनों का प्रवेश व परिचालन वर्जित रहेगा। हालांकि, भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इस दिन रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले वाहन कांके की ओर से रिंग रोड होते हुए परिचालन करेंगे।
हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, शहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हाटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास से लोक भवन तक के मार्गों पर दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल आकस्मिक सेवा के वाहन इस दौरान चल सकेंगे।
BBMKU दीक्षांत समारोह में नाम नहीं लिये जाने से नाराज तीन विधायकों ने कार्यक्रम छोड़ा, राज्यपाल ने सिर्फ जयराम महतो के नाम का किया संबोधन
29 और तीस दिसंबर को ये रहेगा बदलाव
29 दिसंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 8:30 बजे तक शहर में मालवाहक, बस और सवारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस दिन भी भारी वाहन रिंग रोड का उपयोग करेंगे। रातू और काठीटांड जाने वाले वाहन कांके की ओर से रिंग रोड होकर जाएंगे। हिनू चौक से लोक भवन तक के मार्गों पर तय समय के दौरान वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहन टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से टाटीसिल्वे होकर रिंग रोड जाएंगे। खरसीदाग ओपी से सदाबहार चौक के बीच भी बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
30 दिसंबर को सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक, बस और सवारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भी भारी वाहन रिंग रोड से गुजर सकेंगे। हिनू चौक से लोक भवन तक के मार्गों पर निर्धारित समय तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों को भी अल्प समय के लिए डायवर्ट या बंद किया जा सकता है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन को सहयोग करें।




