खतरे में यात्रियों की जान; खराब ब्रेक पर 463 किमी दौड़ा दी वंदे भारत ट्रेन, शिकायत किया दरकिनार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 16, 2026

Ranchi: रेलवे की एक कथित बड़ी लापरवाही सामने आई है। डिविजन की ओर से खराब ब्रेक वाली एक खाली वंदे भारत ट्रेन को झारखंड के हटिया से यूपी के दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन तक लगभग 463 किलोमीटर चलने दिया गया। मालगाड़ी के इंजन से जोड़े गए इन डिब्बों का ब्रेकिंग सिस्टम अलग कर दिया गया था। इससे ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। लोको पायलटों की ओर से बार-बार लिखित चेतावनी के बाद अधिकारियों ने ट्रेन नहीं रोकी। इस तरह यह ट्रेन केवल इंजन के ब्रेक के सहारे दौड़ती रही। अब इस घटना की जांच शुरू हो गई है।

खराब ब्रेकिंग सिस्टम पर 463 किलोमीटर तक दौड़ाया

अधिकारियों ने बताया कि घटना 24 अक्टूबर को हुई थी। खराब ब्रेकिंग सिस्टम के बावजूद खाली वंदे भारत ट्रेन को 24 अक्टूबर को झारखंड से यूपी के बीच 463 किलोमीटर तक दौड़ा दिया गया। इससे अन्य यात्री ट्रेनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। अब इस मामले में दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। सनद रहे इस घटना के कुछ ही दिन बाद 11 नवंबर को लगभग इसी तरह की लापरवाही के कारण कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस असम में पटरी से उतर गई थी।

See also  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से JSSC CGL में सफल हुए अभ्यर्थियों ने की मुलाकात, परीक्षा के सफल आयोजन का जताया आभार

खतरे में पड़ सकती थी लोगों की जान

दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने कहा कि पर्याप्त ब्रेकिंग क्षमता के बिना ट्रेन को दौड़ा देना गंभीर चिंता का विषय है। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। इससे रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। इस तरह की लापरवाही से रेलवे की सुरक्षा छिन्न भिन्न हो सकती है। खाली वंदे भारत ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन की मदद से झारखंड के हटिया से यूपी के झांसी तक ले जाया जाना था। लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने ब्रेकिंग सिस्टम को ठीक नहीं किया।

कर्मचारियों ने नहीं उठाया कदम

अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन की ब्रेकिंग प्रणाली से जोड़ना था। इससे पूरी ट्रेन का ब्रेक लगने लगता लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने दोनों ब्रेकिंग सिस्टम को ठीक से जोड़ने की व्यवस्था नहीं की। हद तो तब हो गई जब ट्रेन के चालक दल की ओर से समस्या की जानकारी दिए जाने के बावजूद हादसे के जोखिमों को नजरअंदाज कर दिया गया। यह लापरवाही बड़े रेल हादसे की वजह बन सकती थी।

See also  वंदे भारत ट्रेन की मजबूती पर सवाल, पालतू पशु से टक्कर से भी बड़े हादसे का खतरा- रिपोर्ट

ब्रेकिंग क्षमता थी बेहद कमजोर

अब दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने रांची के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को जांच के निर्देश दिए हैं। बीते 7 नवंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि 24 अक्टूबर को खाली वंदे भारत ट्रेन को हटिया से झांसी ले जाने के निर्देश दिए गए। लोको पायलट के बयान के अनुसार, हटिया से रवाना होने के बाद हटिया-रांची सेक्शन में ‘ब्रेक फील’ और ‘ब्रेक पावर टेस्ट’ किया गया। इस टेस्ट में लोको पायलट ने पाया कि ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर थी।

लिखित शिकायत दी लेकिन नहीं दिया ध्यान

रांची स्टेशन पहुंचने पर लोको पायलट ने ट्रेन की खराब ब्रेकिंग क्षमता के बारे में सेक्शन नियंत्रक और ट्रैक्शन लोको नियंत्रक समेत रेलवे कर्मचारियों को लिखित शिकायत दी। लेकिन इसे नजरंदाज किया गया। ब्रेकिंग सिस्टम सही से काम नहीं कर रहे हैं इस जानकारी के बावजूद ट्रेन को उसी स्थिति में आगे बढ़ने दिया गया। बताया जाता है कि जब ट्रेन यूपी के चंदौली में स्थित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) स्टेशन पहुंची तब रेलवे कर्मचारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।

See also  15 जुलाई से जनशताब्दी सहित 16 ट्रेन रद्द, सफर पर जाने से पहले जान लीजिये ट्रेनों की शिड्यूल

नहीं लग रहे थे डिब्बों में ब्रेक

डीडीयू स्टेशन के अधिकारियों ने ट्रेन की जांच की। इस जांच में पता चला कि सभी डिब्बों के ब्रेकिंग सिस्टम को अलग कर दिया गया था। इस वजह से डिब्बों में ब्रेक ही नहीं लग रहे थे और यह ट्रेन किसी तरह इंजन के ब्रेक के सहारे यूपी के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) स्टेशन पहुंची थी। आदेश में कहा गया है कि ब्रेकिंग सिस्टम ठीक नहीं था इसकी जानकारी होने के बावजूद संबंधित रेलवे कर्मचारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही का पता लगाया जाए। ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए कदम उठाए जाएं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now