मोकामा के विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर चर्चा में हैं। शादी की तैयारियों और मेहमानों को निमंत्रण देने के बीच अब उनकी होने वाली समधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह अनंत सिंह के चर्चित काले चश्मे और दबंग छवि पर मजाकिया अंदाज में चुटकी लेती नजर आ रही हैं। वीडियो में अनंत सिंह की होने वाली समधन हंसते हुए कहती हैं, “अनंत सिंह का यही है न जी, गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा।” उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगते हैं।
समधन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाती हैं। वो यह भी कहती हैं कि दूसरे लोग अनंत सिंह से डर सकते हैं, लेकिन समधन को उनसे डरने की क्या जरूरत है। वह कहती हैं कि अनंत सिंह बाहुबल वाले होंगे तो बाहर वालों के लिए होंगे। उनके इस अंदाज ने अनंत सिंह की चर्चित दबंग छवि से इतर पारिवारिक रिश्ते की एक हल्की-फुल्की तस्वीर पेश की है। समधन ने बताया कि 20 नवंबर को होने वाले तिलक समारोह में उनकी अनंत सिंह से मुलाकात होगी। शादी से पहले समधी-समधन के बीच इस तरह का हंसी-मजाक अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी की शादी
दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। इसे लेकर विधायक लगातार रिश्तेदारों और परिचितों से मुलाकात कर रहे हैं। शनिवार को वह भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने छठ का प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों को बेटी की शादी का निमंत्रण दिया। मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा था कि 25 नवंबर को उनकी बेटी की शादी है और सभी लोग आमंत्रित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी तक शादी का कार्ड नहीं पहुंच पाया है तो वह इसकी चिंता न करें और समारोह में जरूर आएं।
नामी हस्तियों को दिया न्योता
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं और राजनीतिक हस्तियों को निमंत्रण भेजा है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को उन्होंने व्यक्तिगत रूप से शादी का कार्ड दिया। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी के साथ अनंत सिंह की होने वाली समधन का वायरल वीडियो भी चर्चा में है।





