लोहरदगा : लोहरदगा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुडू थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 890 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद कुडू थाना पुलिस की टीम ने ट्रक और शराब की पूरी खेप जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को देखते ही बदली ट्रक की रफ्तार
एसपी सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली थी कि रांची की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर कुडू के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। इस सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर कुडू थाना प्रभारी अजित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कुडू थाना क्षेत्र के इंदिरा गांधी चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ट्रक नजर आया। पुलिस टीम को जांच के लिए आगे बढ़ते देख चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और लोहरदगा रोड की ओर भागने लगा।


जिमा चौक के पास ट्रक छोड़कर फरार
पुलिस बल ने संदिग्ध ट्रक का पीछा किया। इस दौरान चालक जिमा चौक के समीप ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। गिनती करने पर कुल 890 पेटी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की पेटियों पर ‘फार सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित पाया गया। पुलिस के अनुसार शराब की खेप मैकडॉवेल ब्रांड की है। इससे पुलिस को आशंका है कि शराब को अवैध तरीके से दूसरे राज्य में खपाने की तैयारी थी।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शराब और ट्रक को विधिवत जब्त कर लिया है। अब फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के साथ शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है कि शराब की खेप कहां से लोड की गई थी और इसे बिहार में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की गई है। मामले में पुलिस अनुसंधान कर रही है और तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
भुसी हटाते ही सामने आई शराब की पेटियां
धान भुसी लदे ट्रक की जांच शुरू की गई। मालवाहक ट्रक के पीछे, आगे व साईड में धान की भुसी से भरा बोरा लदा हुआ था लेकिन धान का भुसी बोरा हटाते ही पुलिस की आंखें चुंधिया गईं। मालवाहक ट्रक के बीच में मैक डेवल नंबर वन शराब की पेटी लदा हुआ था। मालवाहक ट्रक में लगभग आठ सौ पचास पेटी शराब लदा था।




