हजारीबाग: चंद्रगुप्त कोल माइंस कार्यालय परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक ऊंचे टावर पर चढ़ गया। नौकरी से जुड़ी परेशानी से नाराज युवक के इस कदम को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस, कंपनी अधिकारियों और ग्रामीणों की घंटों की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बताया गया कि टावर पर चढ़ने से पहले राहुल ने चंद्रगुप्त कोल माइंस के अधिकारी आरएस यादव के नाम एक सुसाइड नोट भी लिखा था। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन से ड्यूटी और शिफ्ट रोस्टर में पारदर्शिता बरतने की मांग की है। उनका कहना है कि कामकाज की व्यवस्था स्पष्ट नहीं होने से कर्मचारियों में तनाव बढ़ रहा है।
ट्रायल पास, फिर भी नहीं मिली ड्यूटी
युवक की पहचान पचड़ा गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल करीब छह महीने पहले सीसीएल के एमडीओ सुशी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड में वाल्वो चालक के पद पर ट्रायल के लिए चयनित हुआ था। आरोप है कि ट्रायल पास करने के बावजूद उसे नियमित काम नहीं दिया जा रहा था। ड्यूटी शिफ्ट तय कराने के लिए उसे लगातार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा था। इसी परेशानी से क्षुब्ध होकर उसने बुधवार को टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
पुलिस ने समझाकर परिजनों को सौंपा
घटना की जानकारी मिलते ही पगार ओपी पुलिस और कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद राहुल सुरक्षित नीचे आ गया। पुलिस के अनुसार, उसे समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।







