मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने का दिया निर्देश

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 9, 2026

रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), दावा-आपत्ति एवं सुनवाई, युवा मतदाता पंजीकरण, ELC गतिविधियों तथा मतदाता सेवाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि दावा-आपत्ति की सुनवाई के दौरान अनावश्यक भीड़ न लगने दें। एक साथ अधिक लोगों को बुलाने के बजाय टोकन सिस्टम के माध्यम से क्रमवार सुनवाई कराई जाए। प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का समुचित अवसर दिया जाए तथा उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के परीक्षण के बाद नियमानुसार निर्णय लिया जाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी लंबित मामलों एवं प्रतिदिन हो रहे निष्पादन की नियमित समीक्षा करें।

WhatsApp Image 2026 09 09 at 17.24.21 scaled

उन्होंने शून्य तथा 1 से 5 फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। ऐसे मतदान केंद्रों की मतदान केंद्रवार समीक्षा करते हुए बीएलओ के माध्यम से उन नए एवं युवा पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान की जाए, जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा-पत्र प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। साथ ही साहेबगंज में सामने आई अनियमितता की पुनरावृत्ति किसी अन्य जिले में न हो, इसके लिए आवेदन, दस्तावेज, सत्यापन एवं निर्वाचन डेटा पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा किसी भी अनियमितता पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

See also  पश्चिम बंगाल में बिहार के छात्रों को सुरक्षा देने की मांग को लेकर बिहार पुलिस ने लिखा पत्र

के. रवि कुमार ने 19 एवं 20 नवम्बर को राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले ELC कार्यक्रमों की तैयारियां अभी से प्रारंभ करने का निर्देश दिया। इसके लिए ELC कोऑर्डिनेटर नियुक्त कर स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं के बीच ECINET का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा उन्हें उपलब्ध डिजिटल मतदाता सेवाओं की जानकारी दी जाए।

NVSP पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन तथा ECINET की ‘Book a Call’ सुविधा के माध्यम से प्राप्त मतदाताओं की शिकायतों एवं समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला स्तर पर इन मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी  सुनील कुमार सिंह सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थे।

See also  चित्रा त्रिपाठी का पहलगाम आतंकी हमले की रिपोर्टिंग के दौरान हुआ जबदस्त विरोध, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now