झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र कल से, MDR और SIR पर संग्राम तय, CM हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के मंत्रियों-विधायकों के साथ की वर्चुअल मीटिंग

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 24, 2026

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र कल से, MDR और SIR पर संग्राम तय, CM हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के मंत्रियों-विधायकों के साथ की वर्चुअल मीटिंग

रांचीः झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर सत्ता पक्ष ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड़ स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल मीटिंग की। इसमें खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (एमएमडीआर) 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के मुद्दे पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखने को लेकर चर्चा हुई। साथ ही केंद्र सरकार को घेरने और विपक्ष को करारा जवाब देने की रणनीति बनी।

मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। राज्य सरकार इन मुद्दों पर सदन में अपना पक्ष रखने के साथ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजेगी। बैठक में विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और इन दोनों मुद्दों को लेकर लोगों की चिंताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सत्ता पक्ष का मानना है कि केंद्र सरकार का एमएमडीआर संशोधन कानून खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के आर्थिक और वित्तीय हितों को प्रभावित कर सकता है। खजिनयुक्त भूमि पर उपकर (सेस) लगाने के राज्यों के अधिकारों को सीमित करने से राज्य के राजस्व पर असर पड़ने की आशंका जतायी गयी।

See also  झारखंड विधानसभा के कर्मी ने धुर्वा डैम में कूदकर की आत्महत्या, गाड़ी-चप्पल से हुई पहचान

वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई और राज्य सरकार के हर प्रश्न का जवाब देने के लिए रणनीति बनायी गई।

राज्य सरकार के हर संशय का तर्क के साथ देंगे माकूल जवाब : BJP
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा 25-26 नवंबर को एमएमडीआर और एसआईआर को लेकर जो विशेष सत्र बुलाया गया है, वह एक नैरेटिव का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि सरकार के हर संशय का तर्क के साथ माकूल जवाब दिया जाएगा। एसआईआर कोई पहली बार नहीं हो रहा है। वर्ष 2026 में हो रही यह प्रक्रिया भारतीय जनता पार्टी का कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही संवैधानिक प्रक्रिया है। जयसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। इसी ईवीएम से यहां उनकी सरकार बनी है। एमएमडीआर के मुद्दे पर जयसवाल ने कहा कि यह बिल पूरे देश के लिए बना है, न कि केवल झारखंड के लिए। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां इसका विरोध नहीं हो रहा है। केवल झारखंड में इसका विरोध किया जा रहा है। क्योंकि यहां सेस और टैक्स लगाकर सरकार कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है। जब कोयले का दाम बढ़ेगा तो उसके खरीदार नहीं मिलेंगे। दूसरे प्रदेशों में कोयले की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जबकि झारखंड में इसकी बिक्री घटती जा रही है।

See also  प्राइवेट जगह पर सरकारी फाइल नहीं निपटा रहे थे IAS राजीव अरूण एक्का, आयोग की रिपोर्ट में खुलासा

झारखंड में SIR की प्रक्रिया 90% पूरी
जयसवाल ने कहा कि सरकार एक नकारात्मक नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रही है कि वोट चोरी हो रही है और एसआईआर में लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। यदि इन दलों को लगता है कि किसी गांव के 100 लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, तो उन्हें उन लोगों की सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और बीएलओ को उपलब्ध करानी चाहिए। चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से इसकी जांच करता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले माह मतदाता सूची जारी होने वाली है। एसआईआर का विरोध स्वार्थ की राजनीति से प्रेरित होकर किया जा रहा है। बैठक में सीपी सिंह, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशनलाल चौधरी, अमित यादव, कुमार उज्ज्वल, मंजू कुमारी भी उपस्थित थे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now