सिमडेगाः जिले में मूक-बधिर बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने आरोपी सूरज प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मिली जानकारी के मुताबिक जलडेगा प्रखंड के 15 साल की बच्ची के साथ सात महीने पहले रेप हुआ था। बच्ची गर्भवती हो गई, शरीर में बदलाव देखने के बाद बच्ची की मां को जब आशंका हुई तब उसने अपनी बेटी से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला बाहर निकल कर आया है।
सिमडेगा महिला थाना में दर्ज शिकायत के मुताबिक बच्ची के बढ़ा हुआ पेट देखकर उसकी मां ने पूछताछ की। जिसके बाद बच्ची ने गांव के ही एक लड़के सूरज प्रधान की ओर इशारा किया। उसने बताया कि एक दिन उक्त लड़के ने उसे गांव के ही सामुदायिक भवन में सुबह दातुन करने के समय जबरन ले गया। जिसके बाद कपड़ों से उसका मुंह बांध दिया और उसके साथ बलात्कार किया। घटना जून महीने की बताई जा रही है।
पीड़िता की मां ने थाने में आवेदन देकर गांव के युवक सूरज प्रधान के खिलाफ पाक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के क्रम में सोमवार देर शाम सूरज प्रधान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।
सिमडेगा में एक मूक-बधिर नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा गांव के मुखिया, पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचित किए जाने के बावजूद पिछले कई दिनों से इस मामले में प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की जा रही है।
पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है। पीड़िता का भाई अपनी बहन को न्याय दिलाने की उम्मीद में दर-दर की ठोकरें खा रहा है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की संवेदनशीलता नदारद है। आखिर एक मूक-बधिर नाबालिग आदिवासी बच्ची को न्याय पाने के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा?
सिमडेगा के कांग्रेस विधायक से जुड़े नाबालिग बच्ची के मामले में भी CWC और पुलिस प्रशासन के दुरुपयोग तथा राजनीतिक संरक्षण का खेल पूरा देश देख चुका है। ऐसे कई मामलों में सिमडेगा के उपायुक्त की भूमिका भी कई गंभीर सवालों और संदेह के घेरे में है। CWC जैसी संवेदनशील संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
माननीय झारखंड उच्च न्यायालय से आग्रह है कि इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पीड़िता को तत्काल न्याय दिलाने के लिए हस्तक्षेप करे। साथ ही सिमडेगा विधायक एवं जिले में POCSO अधिनियम के तहत दर्ज सभी मामलों की समयबद्ध न्यायिक निगरानी में जांच कराने तथा जहां आवश्यक हो, CBI जांच का आदेश देने की कृपा करे।
बेटियों की सुरक्षा और न्याय किसी राजनीतिक सत्ता की कृपा पर निर्भर नहीं हो सकता। कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति या प्रशासनिक अधिकारी को कानून से ऊपर नहीं होने दिया जाना चाहिए।
@BJP4India @narendramodi @AmitShah @NitinNabin @blsanthosh @BJP4Jharkhand
— Babulal Marandi (@yourBabulal) November 24, 2026
पॉक्सो एक्ट में क्या प्रावधान है?
पॉक्सो एक्ट की धारा 24 के तहत बच्चे का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया है। जिसके मुताबिक पीड़िता का बयान उसके घर या उसकी पसंद की जगह पर दर्ज किया जाना चाहिए। यथासंभव महिला पुलिस अधिकारी, जिसका रैंक सब-इंस्पेक्टर से कम न हो, बयान दर्ज करेगी। पुलिस अधिकारी वर्दी में नहीं होनी चाहिए। बयान दर्ज करते समय बच्चे का किसी भी तरह आरोपी से संपर्क नहीं होना चाहिए।पुलिस को बच्चे की पहचान आम लोगों और मीडिया से सुरक्षित रखनी होगी।
इसके अलावा धारा 26 के अनुसार बच्चे का बयान उसके माता-पिता या ऐसे व्यक्ति की मौजूदगी में दर्ज किया जाना चाहिए, जिस पर बच्चा भरोसा करता हो। बयान को ऑडियो-वीडियो माध्यम से रिकॉर्ड करने का भी प्रावधान है।
बता दें, इसी एक्ट की धारा 23 के तहत पहचान सार्वजनिक करना अपराध माना जाएगा। यानी, अगर बयान के दौरान पीड़िता की पहचान सार्वजनिक हो जाती है या मीडिया में उसकी पहचान उजागर करने वाली जानकारी सामने आती है, तो धारा 23 के तहत कार्रवाई हो सकती है। इसके उल्लंघन पर छह महीने से एक साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।





