डेस्कः बिहार के बांका जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। गोड्डा से भागलपुर जा रही श्रीहरि यात्री बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे।अचानक धुआं भरने से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक ने भी बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस की बैटरी के पास चिंगारी निकलने से आग लगने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलने लगी और पूरी तरह राख हो गई। बस में रखे यात्रियों के बैग, कपड़े और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यात्रियों की जान बच गई, लेकिन उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।





