दुर्गापूजा से छठ तक लोहरदगा में पुलिस का पहरा सख्त, बढ़ेगी रात की गश्ती, एसपी सादिक अनवर रिजवी ने त्योहारों से पहले कसी पुलिस की कमर

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 8, 2026

दुर्गापूजा से छठ तक लोहरदगा में पुलिस का पहरा सख्त, बढ़ेगी रात की गश्ती, एसपी सादिक अनवर रिजवी ने त्योहारों से पहले कसी पुलिस की कमर

लोहरदगा : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्व-त्योहारों को लेकर लोहरदगा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों, पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पुलिस की रात्रि गश्ती बढ़ाई जाएगी। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस को विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। लोहरदगा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों और वरीय पुलिस अधिकारियों को आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ लंबित कांडों के अनुसंधान और कानून-व्यवस्था की स्थिति की थानावार समीक्षा की गई।

WhatsApp Image 2026 09 08 at 6.56.48 PM

दुर्गापूजा में पंडालों से बाजार तक रहेगी कड़ी निगरानी
दुर्गापूजा के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा पंडालों के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए एसपी ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। नियमित पेट्रोलिंग के साथ रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस को पंडालों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

See also  लोहरदगा में नहीं थम रहा बॉक्साइट परिवहन विवाद, ग्रामीणों ने सड़क को किया जाम

WhatsApp Image 2026 09 08 at 6.57.38 PM

दीपावली में चोरी और नशे के कारोबार पर फोकस
दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने और देर रात तक गतिविधियां जारी रहने को देखते हुए पुलिस की चुनौती भी बढ़ेगी। एसपी ने चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और लगातार गश्ती करने को कहा। इसके साथ ही नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर पहले से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

WhatsApp Image 2026 09 08 at 6.57.12 PM

छठ घाटों पर भी रहेगी पुलिस की नजर
दुर्गापूजा और दीपावली के बाद छठ पर्व को लेकर भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। छठ घाटों और वहां पहुंचने वाले मार्गों पर भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। घाटों के आसपास किसी भी तरह की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस की प्राथमिकता शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए थाना स्तर पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

See also  मुश्ताक अली ट्रॉफी का लोहरदगा में हुआ भव्य स्वागत, झारखंड की ऐतिहासिक जीत से खिलाड़ियों में दिखा जोश और उत्साह

WhatsApp Image 2026 09 08 at 6.58.09 PM

लंबित कांडों में तेजी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में पुलिस की प्रतिक्रिया तत्काल और प्रभावी होनी चाहिए। साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन कर अनुसंधान पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने में पुलिस की भूमिका प्रभावी हो सके। सक्रिय अपराधियों की सूची अद्यतन करने और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश भी थाना प्रभारियों को दिया गया। एसपी ने चेतावनी दी कि अनुसंधान में लापरवाही मिलने पर संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

WhatsApp Image 2026 09 08 at 6.58.54 PM

अच्छे काम पर सम्मान, लापरवाही पर कार्रवाई
बैठक में एसपी ने बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आम लोगों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने को कहा। एसपी ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस के साथ आम जनता की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

See also  कांग्रेस सांसद धीरज साहू से ED की पूछताछ आज, विनोद सिंह को भी ईडी ने आज फिर किया तलब

बैठक में इन पुलिस पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
अपराध की समीक्षा बैठक में बैठक में सीनियर डीएसपी समीर तिर्की, लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार, एसपी के विधि सलाहकार विवेक कुमार, सार्जेंट मेजर शेरू रंजन, मुकेश कुमार, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार साधु, जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक, भंडरा थाना प्रभारी मनेाज गुप्ता, कैरो थाना प्रभारी कुंदन रवानी, बगडू थाना प्रभारी दिनेश कुमार, पेशरार प्रभारी विरेंद्र कुमार, सेरेंगदाग थाना प्रभारी नरेश कुमार यादव, यातायात प्रभारी गैलन रजवार, महिला थाना प्रभारी विनिता हेम्ब्रेम, एसटी-एससी थाना प्रभारी लक्ष्मण हांसदा, एसपी के क्राइम रीडर मनोज कुमार, मुरारी कुमार समेत सभी थाना व ओपी प्रभारी, इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now