जामताड़ा : विद्यासागर रेलवे स्टेशन और मदनकट्टा स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर शनिवार सुबह दो युवक-युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रेलवे के पेट्रोलिंग कर्मियों ने रेलवे पोल संख्या 271/4 और 271/6 के बीच शवों को देखा और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।


मृतक की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगेचिंगो गांव निवासी रघुनाथ मंडल के छोटे पुत्र रॉकी मंडल और नाजिया खातून के रूप में की गई। घटनास्थल के समीप नवनिर्मित पानी टंकी के पास एक अपाचे बाइक (जेएच 21पी 8016) खड़ी मिली। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके मालिक का पता लगाया, जिसके बाद परिजनों तक सूचना पहुंची और दोनों की पहचान हुई। घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन, जूते-चप्पल तथा एक सोने का लॉकेट भी मिलने की जानकारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया।

दो वर्ष पूर्व पंचायत में अलग हुए थे दोनों
ग्रामीणों के अनुसार, रॉकी मंडल और नाजिया खातून के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण करीब दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। इसमें दोनों को अलग रहने का निर्णय लिया गया था और लड़के के पक्ष को जुर्माना भी भरना पड़ा था। इसके बाद नाजिया के स्वजन ने करीब एक वर्ष पूर्व उसकी शादी ईदगाह मोड़ क्षेत्र में कर दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि शादी के बाद भी नाजिया का मायके आना-जाना लगा रहता था और दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था।

रात से गायब था युवक
स्वजन के अनुसार, रॉकी रात करीब 12 बजे से लापता था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों की तस्वीरें और साथ होने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी देखे गए थे। घटना की खबर मिलने के बाद युवक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया कि रॉकी के पिता रघुनाथ मंडल और जैकी मंडल करीब एक वर्ष पूर्व साइबर अपराध के मामले में जेल गए थे। रॉकी परिवार का सबसे छोटा बेटा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।







