लोहरदगा : सदर थाना क्षेत्र में कोयल नदी से शनिवार को महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के बाघा और हिरही स्कूल जोबला टोली के बीच कोयल नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार दोपहर नदी में शव बहता दिखाई दिया था, लेकिन तत्काल उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। शनिवार को ड्रोन कैमरे से नदी में तलाशी कराई गई तो पत्थरों के बीच फंसा शव नजर आया।


ड्रोन से मिला सुराग, पुलिस ने निकाला शव
शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना के एएसआइ कुलदीप राज टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकीदार समसुल अंसारी और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कोयल नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव की पहचान रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के बदरी ताला गांव निवासी सुको उरांव (पति दिनेश उरांव) के रूप में की है। परिजनों के अनुसार सुको उरांव गुरुवार को कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने थाने में महिला के लापता होने की लिखित सूचना दी थी। शनिवार को कोयल नदी से शव मिलने की खबर पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया।
डूबने से मौत या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। एएसआइ अल्बीना लकड़ा की मौजूदगी में शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस महिला के नदी तक पहुंचने और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।







