लोहरदगा पुलिस ने 7 घंटे के अंदर किया हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 8, 2026

लोहरदगा : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओयना टोंगरी स्थित बंद पड़े पत्थर खदान से बरामद क्षत-विक्षत शव की गुत्थी सुलझाने के साथ लोहरदगा पुलिस ने महज सात घंटे के भीतर लोहरदगा में ब्लाइंड मर्डर कांड में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नशे के दौरान हुए विवाद के बाद दो दोस्तों ने अपने ही साथी हुसैन अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से हेक्सा ब्लेड से शव के कई टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर शव के शेष अंग, हत्या में प्रयुक्त हेक्सा ब्लेड और शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। मीडिया से बातचीत में उपरोक्त बातें बुधवार को पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कही। उन्होंने बताया कि सात जुलाई की दोपहर करीब 1.30 बजे सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के ओयना टोंगरी स्थित बंद पत्थर खदान के पानी में एक बोरे में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खदान से निकाले गए बोरे में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसमें सिर और जांघ से कटे दोनों पैर थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर मृतक की पहचान के लिए उसका फोटो इंटरनेट मीडिया और स्थानीय समाचार माध्यमों के जरिए जारी किया। इस पूरे हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गठित टीम में पुलिस अवर निरीक्षक रविरंजन कुमार, आदर्श कुमार, कुलदीप राज टोप्पो, मोहम्मद शारिक खान, सहायक अवर निरीक्षक चन्द्रदीप मेहता, अमरनाथ पांडेय तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

See also  लोहरदगा में 68वीं झारखण्ड ओपन एथलेटिक मीट का दूसरा दिन, साइकिल रेस और राइफल सूटिंग प्रतियोगिता रहा मुख्य आकर्षण

WhatsApp Image 2026 07 08 at 4.35.47 PM

मीडिया से शव की हुई शिनाख्त, पिता के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
शव की पहचान न्यू आजाद बस्ती निवासी 22 वर्षीय हुसैन अंसारी के रूप में हुई। मृतक के पिता मिकायल मीर के फर्द बयान पर लोहरदगा सदर थाना में हत्या, साक्ष्य छिपाने और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सूचना संकलन और लगातार छापेमारी कर महज सात घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने शहरी क्षेत्र के नूर नगर निवासी 22 वर्षीय अरमान खान और पावरगंज के दुर्गाबाड़ी लेन निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद सहवाज अहमद उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि चार जुलाई की रात दुर्गाबाड़ी लेन स्थित सहवाज के घर में तीनों दोस्त नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अरमान खान और सहवाज अहमद उर्फ राज ने मिलकर हुसैन अंसारी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी।

See also  लोहरदगा में निशा उरांव के नेतृत्व में पेसा कानून उल्लंघन के खिलाफ विरोध, पारंपरिक अगुआओं ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Image 2026 07 08 at 4.35.45 PM

हेक्सा ब्लेड से काटा शव, बंद पत्थर खदान और जंगल में फेंके अंग
युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से हेक्सा ब्लेड से शव के कई टुकड़े किए। सिर और दोनों पैरों को बोरे में भरकर ओयना टोंगरी स्थित पानी से भरे बंद पत्थर खदान में फेंक दिया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों को जंगल-झाड़ियों में ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर शव के शेष अंग भी बरामद कर लिए हैं। साथ ही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हेक्सा ब्लेड (फ्रेम सहित) तथा शव के टुकड़ों को बोरे में भरकर ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी संख्या जेएच-08 के-1173 को भी जब्त कर ली है। हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now