पलामूः जिले के मनातू थाना क्षेत्र में पदमा सूर्य मंदिर के पास एक नाबालिग लड़की के मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रेमी के वहां पर पहुंचने के बाद नाबालिग मोबाइल टावर से नीचे उतरी।पुलिस नाबालिग और उसके प्रेमी को लेकर थाना गई है।मनातू थाना ने सीडब्ल्यूसी को भी इस मामले की जानकारी दी है।


दरअसल, शनिवार को मनातू थाना क्षेत्र में इंटर में पढ़ाई करने वाली एक छात्रा मोबाइल टावर पर चढ़ गई। नाबालिग अपनी प्रेमी से शादी करना चाहती है और वह उसे वहां पर बुलाने की मांग करने लगी। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी मनातू थाना को दी और नाबालिग को नीचे उतरने के लिए समझाया गया।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची और लड़की से बातचीत शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने नाबालिग लड़की के प्रेमी को मौके पर बुलाया। प्रेमी के वहां पहुंचने के बाद नाबालिग लड़की मोबाइल टावर से नीचे उतरी।
नाबालिग लड़की का प्रेमी भी नाबालिग है।दोनों एक ही इलाके के रहने वाले हैं। प्रेमिका स्कूल से मैट्रिक के परीक्षा पास कर इंटर में पढ़ाई कर रही है जबकि नाबालिग प्रेमी पढ़ाई नहीं करता है।
मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रेमी और प्रेमिका दोनों नाबालिग हैं। पूरे मामले में बाल कल्याण समिति को सूचना दी गई है। दोनों से पुलिस बातचीत कर रही है और परिजनों को भी बुलाया गया है। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक नाबालिग मोबाइल टावर पर चढ़ी रही।







