लोहरदगा : 22 वर्ष का सोनू उरांव, 21 वर्ष का उदय उरांव , 19 वर्ष का मनीष लोहरा तीनों आदिवासी दोस्त जश्न ए आजादी पर आयोजित फुटबॉल के रोमांस से लबरेज स्कूटी पर घर लौट रहे थे कि अचानक टक्कर हुई और बुझ गए तीन घरों के चिराग । झारखंड में आजादी के 80वें वर्षगांठ पर लोहरदगा और लातेहार में दो हादसों में नौ लोगों की जान चली गई । भंडरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर हुए शनिवार देर शाम दर्दनाक हादसे ने तीन घरों का चिराग बुझा दिया।

लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के सेगरा टोली के पास दो स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही दो स्कूटी सेगरा टोली के पास आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सभी 6 घायलों को तुरंत सीएचसी भंडरा ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक डा. सन्नी कुमार ने जांच के बाद 3 युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य 3 घायलों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।


पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सोनू उरांव* (22 वर्ष), पिता सोहराई उरांव, आमलिया बांध टोली, भरनो, गुमला उदय उरांव (21 वर्ष), पिता झरिया उरांव, पुंगी गांव, मांडर, रांची, मनीष लोहरा (19 वर्ष), पिता दुलू लोहरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भरनो के आमलिया गांव के तीनों युवक एक ही स्कूटी पर सवार होकर लोहरदगा में फुटबॉल मैच देखकर घर लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई।

Breaking News: लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर कंटनेर ने ऑटो को रौंदा, कई लोगों की मौत की आशंका
सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।






