लातेहार: चंदवा थाना क्षेत्र की डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर एक ऑटो को रौंद दिया । कंटेनर के नीचे दबने से ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है।

दुर्घटना के बाद ऑटो में सवार लोग उसके क्षतिग्रस्त ढांचे में फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। कंटेनर को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है।


ऑटो का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो का पूरा ढांचा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना राहत दल के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। कंटेनर को हटाकर एक-एक कर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर बचाव अभियान लगातार जारी है।


बच्चों के भी सवार होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो में छोटे बच्चों के भी सवार होने की आशंका है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की संख्या तथा उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए वास्तविक नुकसान की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

लोहरदगा-चंदवा मार्ग पर आवागमन प्रभावित
दुर्घटना के बाद लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रभावित हो गया। सड़क पर कंटेनर, क्षतिग्रस्त ऑटो और मलबा बिखर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात और राहत-बचाव व्यवस्था संभाली। एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर लगाया गया है, ताकि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और बचाव अभियान में सहयोग किया।
डेढ़टंगवा घाटी में सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
डेढ़टंगवा घाटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घुमावदार और चुनौतीपूर्ण रास्ते पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर पहले भी सावधानी की जरूरत महसूस की जाती रही है।फिलहाल दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की पूरी तस्वीर कंटेनर हटाने और ऑटो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल डेढ़टंगवा घाटी में राहत-बचाव अभियान जारी है और हर किसी की नजर इस उम्मीद पर टिकी है कि मलबे में फंसी कोई जिंदगी बचाई जा सके।






