लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में बलदेव प्रसाद साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 10 से 13 फरवरी 2026 तक बीएस कालेज स्टेडियम में होगा। इसे लेकर बीएस कालेज में शनिवार को आयोजित बैठक में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सह राज्यसभा के पूर्व सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट से जुड़ी जानकारी दी। धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि आगामी 10-13 फरवरी तक यह भव्य आयोजन लोहरदगा जिले की खेल प्रतिभा को नई उड़ान देने वाला साबित होगा। इस बार लोहरदगा क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन देखने को मिलेगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली, टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज इशांत शर्मा के आने की संभावना है। साथ ही बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
धीरज साहू ने कहा कि लोहरदगा छोटा जिला जरूर है, लेकिन दिल बड़ा है। इस बार का राज्य स्तरीय क्रिकेट आयोजन भव्य और यादगार होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग टीम के प्रायोजक बनना चाहते हैं, वे एसोसिएशन को प्रस्ताव भेज सकते हैं। वहीं स्थायी सदस्यता के इच्छुक लोगों को सचिव अलोक रॉय से फॉर्म लेकर आवेदन करना होगा। कार्यकारी समिति अंतिम अनुमोदन करेगी। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष भास्कर दास गुप्ता, उपाध्यक्ष रथेंद्र नाथ रॉय, किशोर वर्मा, विशाल महेंद्रो, शशि गुप्ता, मदन मोहन पाठक, ओम प्रकाश सिंह, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, हाजी अफसर कुरैशी, हाजी शकील अहमद सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
जिले के वरीय अधिकारी करेंगे उद्घाटन, मुख्यमंत्री करेंगे समापन
टूर्नामेंट का शुभारंभ उपायुक्त डा. कुमार ताराचंद, एसपी सादिक अनवर रिजवी और डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत करेंगे। जबकि कार्यक्रम के समापन मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि रहेंगे।
चीयर गर्ल्स से बढ़ेगा रोमांच
साहू ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कलकत्ता की प्रोफेशनल चीयर गर्ल्स विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। राज्य की शीर्ष टीमें टूर्नामेंट में भिड़ेंगी और लोहरदगा टीम भी मैदान में उतरेगी। यह आयोजन हर दो वर्ष में किया जाना प्रस्तावित है।
टीम चयन की बड़ी जिम्मेदारी
लोहरदगा क्रिकेट टीम चयन की जिम्मेदारी सचिव अलोक रॉय, कार्यकारी अध्यक्ष भास्कर दास गुप्ता, रणजी खिलाड़ी आशीष कुमार और कोच अमित कुमार को सौंपी गई है। बैठक में कई सदस्यों ने सुझाव दिए, जिन पर टूर्नामेंट आयोजन के दौरान अमल किया जाएगा।








