धनबाद: जिले में एक गर्भवती नाबालिग की सिर कटी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मामला बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी बस्ती स्थित मड़ईथान के आगे चटनिया पुल के पास का है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई है। इसके बाद पुलिस इस मामले में नरबलि के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और प्रेम विवाह से जुड़े पारिवारिक विवाद को भी हत्या की संभावित वजह मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है।
गर्भवती नाबालिग का शव बरामद
दरअसल, धनबाद के बलियापुर से सामने आई इस वारदात ने पुलिस से लेकर स्थानीय लोगों तक को सकते में डाल दिया है। ढांगी बस्ती के मड़ईथान से आगे चटनिया पुल के समीप एक गर्भवती नाबालिग का शव बरामद हुआ है। शव की हालत बेहद वीभत्स थी, नाबालिग का सिर धड़ से अलग था।

‘नरबलि’ की आशंका
मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को पूजा-पाठ से जुड़ी कई सामग्री भी मिली है। शायद यही वजह है कि घटना को लेकर नरबलि की आशंका ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। हालांकि पुलिस इस आशंका को फिलहाल केवल जांच के एक पहलू के तौर पर देख रही है।
मृतका की पहचान गिरिडीह की रहने वाली नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर टुंडी निवासी एक नाबालिग युवक से शादी की थी। शादी के बाद दोनों बलियापुर थाना क्षेत्र के कर्मटांड़ में एक रिश्तेदार के घर रह रहे थे।
शादी को लेकर परिवार में थी नाराजगी
बताया जा रहा है कि इस शादी को लेकर परिवार में नाराजगी थी। ऐसे में पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं प्रेम विवाह ही इस खौफनाक हत्या की वजह तो नहीं बनी। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव खुद जांच की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से एफएसएल की टीम बुलाई गई है। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस की छापेमारी जारी
इस मामले में मृत नाबालिग के पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि शादी के बाद नाबालिग के साथ क्या हुआ और आखिरी बार वह किन लोगों के संपर्क में थी। वहीं, इस हत्याकांड से जुड़े एक अन्य संदिग्ध की भी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
प्रेम विवाह के एंगल से भी जांच
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल से पूजा सामग्री बरामद हुई है। ऐसे में नरबलि की आशंका से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया है कि प्रेम विवाह और पारिवारिक नाराजगी के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है।
गर्भवती नाबालिग की निर्मम हत्या क्यों?
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर गर्भवती नाबालिग की इतनी निर्मम तरीके से हत्या किसने और क्यों की? क्या यह किसी तांत्रिक अनुष्ठान या नरबलि से जुड़ा मामला है, या फिर प्रेम विवाह के चलते उपजे पारिवारिक विवाद ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया?
संभावित पहलुओं को जांच कर रही है पुलिस
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही हत्या की असली वजह और वारदात में शामिल लोगों की तस्वीर साफ हो सकेगी। बलियापुर के चटनिया पुल के पास मिली इस सिर कटी लाश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने चुनौती है कि वह जल्द से जल्द हत्या की गुत्थी सुलझाए और यह पता लगाए कि इस जघन्य वारदात के पीछे आखिर कौन था।




