लोहरदगा : झारखंड में छात्र आंदोलनों के दौरान युवाओं पर दर्ज मुकदमों का मुद्दा अब राजनीतिक तकरार का केंद्र बनता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को लोहरदगा में राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सदर प्रखंड परिसर से निकला भाजपा कार्यकर्ताओं का जुलूस समाहरणालय पहुंचा। यहां मुख्य दरबार के सामने कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रोजगार, नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और अपने अधिकारों की मांग करना युवाओं का लोकतांत्रिक अधिकार है। बावजूद आंदोलन करने वाले छात्रों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।


भानु प्रताप शाही ने कहा कि मुकदमों के जरिए झारखंड के युवाओं को डराने की कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई करने के बजाय अपने हक के लिए आवाज उठाने वाले युवाओं को निशाना बना रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो भाजपा आंदोलन को और धार देगी। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज, नगर अध्यक्ष संगीता कुमारी, आजातशत्रु, राजीव रंजन, पशुपतिनाथ पारस, मनीष शिखर, विपुल तमेड़ा, पवन तिग्गा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने बताया कि छात्र मुद्दों को लेकर राज्यभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और डीसी-एसपी कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

युवाओं की आवाज नहीं दबेगी : सुदर्शन भगत
पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के उद्देश्य से दर्ज किए गए मुकदमों को सरकार तत्काल वापस ले। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।


मुकदमों से लोकतांत्रिक आंदोलन नहीं दबेगा
भाजपा जिला प्रभारी सह प्रदेश मंत्री अमित सिंह ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे लोकतांत्रिक आंदोलन को मुकदमों के जरिए दबाने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से छात्रों पर दर्ज मामलों की समीक्षा कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदेश मंत्री मनीर उरांव ने भी कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए होना चाहिए। नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय के खिलाफ भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।





