रांचीः झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार आजसू प्रमुख सुदेश महतो की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात हुई। शुक्रवार को दोनों नेताओं के मुलाकात में झारखंड के कई विषयों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात में जेपीएससी-जेएसएसी परीक्षाओं में कथित अनियमतिताओं को लेकर बातचीत हुई। इसके साथ ही कुड़मी समुदाय को एसटी का दर्जा देने की मांग सुदेश महतो ने केंद्रीय गृह मंत्री से की।


सुदेश महतो ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अमित शाह से मुलाकात के दौरान हुई बातचीत की जानकारी देते हुए लिखा कि आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात कर हमने झारखंड, उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल के कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने, कुड़माली, कुड़ुख, मुंडारी एवं हो भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने, झारखंड को खनिज भूमि सेस लगाने का अधिकार इस शर्त के साथ देने कि राशि सिर्फ खनन प्रभावित क्षेत्रों पर खर्च हो, तथा डीएमएफटी घोटाले एवं जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा अनियमितताओं की जाँच कराने के विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया। राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति एवं आगे की कार्य योजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।




