गुमलाः जिले की एक युवती ने लोहरदगा के सेन्हा निवासी प्रभास्कर कुजूर पर प्रेमजाल में फंसाकर अलग-अलग किस्तों में करीब 15 लाख रुपये लेने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक ने प्रेम संबंध का फायदा उठा कर दो वर्षो में अलग-अलग किस्तों में रकम ली और ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दी। परिजनों ने गुमला सदर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक और युवती रांची में पढ़ाई के दौरान संपर्क में आये थे। आरोपी युवक प्रभास्कर कुजूर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गयी। आरोप है कि आरोपी युवक ऑनलाइन गेमिंग में पैसा गंवाने के बाद युवती से रकम मांगने लगा। युवती उसे पैसे देती रही और करीब दो वर्षो में 17 लाख रुपये दे दिये। युवती के पिता सेवानिवृत कर्मी हैं। उनके बैंक खाते का ऑनलाइन लेनदेन और नेट बैकिंग युवती अपने मोबाइल से संचालित करती थी। इसी दौरान खाते से युवक को रकम भेजी गयी। परिजनों को इसकी जानकारी बाद में हुई। शिकायत मिलने पर पुलिस बैंक खातों के ट्रांसजेक्शन और रकम भेजने के तरीकों की जांच कर रही है।





