देवघरः बिहार के भोजपुरी गायक सुनील छैला बिहारी की देवघर स्थित पांच हजार स्क्वायर फीट जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने का आरोप है। इसे लेकर गायक सुनील छैला बिहारी ने देवघर एसडीओ को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। एसडीओ ने कुंडा थानेदार से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। छैला बिहार बिहार के खगड़िया जिले के पौरा के निवासी है।


छैला बिहारी ने आवेदन में बताया है कि उन्होंने अपनी पत्नी अनीता सिंह के नाम से देवघर अंचल के ठाड़ीदुलमपुर मौजा में दो भूखंड खरीदे थे। उनके अनुसार, आठ अक्टूबर 2008 को जमीन की खरीददारी की गयी थी, इसमें दाग नंबर 26 में 2500 वर्गफीट और दाग नंबर 37 में 2500 वर्गफीट जजमीन शामिल है। छैला बिहारी का आरोप है कि हाल में जब वह अपनी जमीन पर काम कराने पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति कथित रूप से जबरन काम कर रहा था।
उन्होंने इसका विरोध करते हुए काम बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान संबंधित व्यक्ति के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गयी। इसके बाद वह खुद देवघर अनुमंडल कार्यालय पहुंच कर एसडीओ से मिले और मामले में हस्तक्षेप कराने की मांग की। उन्होंने जमीन पर काम को रोकने और पूरे प्रकरण की जांच कराने का अनुरोध किया। अब पुलिस की जांच के बाद ही जमीन पर काम कराने के आरोप और विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बाबा बैद्यनाथ नगरी से रहा है खास लगाव
लोकगायक सुनील छैला बिहारी का देवघर और बाबा बैद्यनाथ नगरी से पुराना जुड़ाव रहा है। श्रावणी मेले के दौरान अंगिका और भोजपुरी में कांवर गीत गाकर उन्होंने व्यापक पहचान हासिल की। बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के बीच उनके कांवर गीत काफी लोकप्रिय रहे हैं।




