रामगढ़ः जिला के चुट्टूपालू घाटी में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक अनियंत्रित कंटेनर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। कार में सवार पांच लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है।
इस दुर्घटना के बाद घाटी में लंबा जाम लग गया और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। जानकारी के अनुसार कंटेनर का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए।


रामगढ़ थाना सब-इंस्पेक्टर सुमंत कुमार राय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटना स्थल पर पहुंची और क्रेन मंगाकर कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए प्रयास शरू किया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे कार में सभी पांच लोग बुरी तरह दबे हुए थे। पुलिस को उन्हें निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
![]()
करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद सभी को बाहर निकालकर सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने एक महिला समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों में दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, जबकि एक घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

इस दुर्घटना के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया, जिससे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। देखते ही देखते घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद एक लेन से दोनों ओर के वाहनों का परिचालन शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और यातायात बहाल करने में करीब तीन घंटे लग गए। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।इस हादसे में घायल महिला रीना चक्रवर्ती के अनुसार, वे लोग रांची से हजारीबाग जा रहे थे, तभी कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी. कार में चालक राजू कुमार, पी चक्रवर्ती, एस चक्रवर्ती और पी चक्रवर्ती सवार थे। हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।




