बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसा,छपरा में पुलिस की गाड़ी जलाई, सीवान में SP घायल,तेज प्रताप यादव हिरासत में

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 25, 2026

बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसा,छपरा में पुलिस की गाड़ी जलाई, सीवान में SP घायल,तेज प्रताप यादव हिरासत में

पटनाः नीट पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाए गए बिहार बंद के दौरान राज्य के कई जिलों से हिंसा की खबरें आई है। सीवान, छपरा, भागलपुर और पटना समेत कई जगहों पर पत्थरबाजी हुई है।रामगुलाम चौक के पास प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। उनके समर्थन में तेज प्रताप यादव भी पहुंचे और तिरंगा लहराया। बाद में पुलिस ने उन्‍हें हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद तेज प्रताप ने कहा कि वे युवा-नौजवानों के साथ हैं। उनके लिए मर म‍िटने को तैयार हैं। उन्होंने गिरफ्तार होते कहा कि हम छात्रों के लिए मर-मिटेंगे। मैं स्टूडेंट्स के साथ खड़ा हूं। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा।
tej pratap 1 1784965956885
सीवान में प्रदर्शन के दौरान हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रहे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया। इस दौरान सीवान के एसपी पूरन झा के हाथ में पत्थर लगने से चोट आई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन जब हालात नहीं संभले तो 10 राउंड से अधिक हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
छपरा में बेकाबू हुआ प्रदर्शन, पुलिस की गाड़ी फूंकी
छपरा शहर में दोपहर बाद छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। पंकज सिनेमा रोड पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की। कई ठेले और पुलिस बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया गया। उग्र भीड़ ने पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी। बीच सड़क पर पुलिस वाहन धू-धूकर जलता रहा। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सरकारी भवन पर चढ़े छात्र, पोस्टर फाड़े
छपरा में प्रदर्शनकारी सरकारी भवन पर भी चढ़ गए। वहां लगे पोस्टर फाड़ दिए गए। कुछ छात्र बैरिकेडिंग उठाकर ले जाते भी नजर आए. भारी भीड़ के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान एक जज की गाड़ी भी जाम में फंस गई।
पटना के डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारी तमाम पहरेदारी के बावजूद डाकबंगला चौराहा पहुंच गए। उग्र प्रदर्शन किया। वहां स्‍थ‍िति‍ बेकाबू होते देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्‍हें खदेड़ दिया। बताया जाता है कि प्रदर्शनकारियों ने पथराव क‍िया। बड़ी-बड़ी ईंटे फेकनी शुरू कर दी। वहां वरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।हेलमेट पहनकर सड़क पर उतरे पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया। उन्‍होंने बैरिकेड‍िंग तोड़ने की कोशि‍श की। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। उन्‍होंने कहा कि जो भी उपद्रव करेंगे, उनपर कार्रवाई की जाएगी।


सीवान में SP पर हमला
सीवान के गांधी मैदान में प्रदर्शन के बाद उग्र हुए छात्रों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद छात्र और उग्र हो गए। गांधी मैदान से निकलकर जेपी चौक तक पहुंच गए और वहां भी जमकर पत्थरबाजी की। इस दौरान कई छात्र और एसपी पूरन कुमार झा भी घायल हो गए।
भागलपुर में भी बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
भागलपुर में भी प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी हुई। छात्रों ने पुलिस की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित किया गया।
औरंगाबाद में पुलिस पर पथराव, कई को लगी चोट
बिहार बंद के दौरान शहर के रमेश चौक पर प्रदर्शन हो रहा है। इसी बीच प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया है। इस पथराव में कई पुलिसकर्मियों के साथ ही कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी चोट लगी है।

See also  झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने तीन जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को दी मंजूरी, कोल्हान-कोयलांचल में दिखेगा असर
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now